दुर्गा पूजा पंडाल में करंट लगने से किशोर की मौत, परिवार का इकलौता बेटा था नीरज

जौनपुर, 12 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में केराकत कोतवाली क्षेत्र के खटहरा गांव में रविवार रात दुर्गा पूजा पंडाल में करंट लगने से एक किशोर की मौत हो गई। हादसा आरती के दौरान हुआ, जब पंडाल में लगी टेंट की पाइप में करंट उतर आया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक छा गया।

मृतक की पहचान खटहरा गांव निवासी नीरज सरोज, पुत्र कल्लू सरोज के रूप में हुई। रविवार रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच दुर्गा पूजा पंडाल में आरती हो रही थी। इसी दौरान टेंट की पाइप में उतरे करंट की चपेट में आने से नीरज की मौत हो गई।

नीरज अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिवार में एक बेटी भी है। बेटे की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की सूचना मिलते ही तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई।

इंस्पेक्टर अमरेंद्र पांडे ने बताया कि परिजनों की सहमति से किशोर का अंतिम संस्कार कर दिया गया। परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराया।

गौरतलब है कि प्रशासन की ओर से दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और बिजली संबंधी लापरवाही से बचने की हिदायत दी गई थी। इसके बावजूद हुई इस घटना ने पंडालों में विद्युत सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.