उत्तराखंड एसआईआर: कांग्रेस ने 13.85 लाख वोट काटने का लगाया आरोप

देहरादून, 05 अक्टूबर । उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस ने चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रदेश कांग्रेस की एसआईआर समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक मनोज रावत ने आरोप लगाते हुए कहा है कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत उत्तराखंड में 13.85 लाख वोट काटकर राज्य में बड़ी लूट की गई है।

यहां कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि प्री-एसआईआर और एसआईआर प्रक्रिया में हुई वोट कटौती के असली आंकड़े को निर्वाचन आयोग सार्वजनिक नहीं कर पा रहा है। फॉर्म-7 ऑटो जनरेटेड करने का मामला हो, भाजपा कार्यकर्ताओं की फर्जी शिकायतों का संज्ञान लेना हो या फिर फर्जी शिकायतकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं किया जाना, यह साबित करता है कि पात्र मतदाताओं के नाम काटने में निर्वाचन आयोग और भाजपा की सांठगांठ रही है।

रावत ने कहा कि उत्तराखंड में 14 प्रतिशत मतदाताओं के नाम काटे जाना वोट चोरी की बड़ी वारदात है जिसको लेकर पार्टी कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के बीएलओ की सजगता से निर्वाचन आयोग के मंसूबे पूरे नहीं हो पाए। जिस कारण उत्तराखंड के ज्यादातर पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूचियों में शामिल हो पाए। उन्होंने आगामी समय में फार्म-6 के द्वारा नए मतदाताओं को जोड़े जाने की प्रक्रिया को भी असंगत बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.