ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया में 4.8 तीव्रता का भूकंप, मेलबर्न तक महसूस हुए झटके

मेलबर्न, 03 अक्टूबर । ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य में शनिवार तड़के 4.8 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप के झटके मेलबर्न समेत राज्य के कई हिस्सों में महसूस किए गए। जियोसाइंस ऑस्ट्रेलिया के अनुसार, भूकंप का केंद्र मेलबर्न से करीब 130 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में लियोन्गाथा के पास था।

ब्रिटिश दैनिक समाचार पत्र द गार्डियन के मुताबिक, स्थानीय समय के अनुसार भूकंप रात करीब 2:01 बजे आया और इसका केंद्र जमीन से लगभग 10 किलोमीटर नीचे था। जियोसाइंस ऑस्ट्रेलिया को हजारों लोगों से भूकंप महसूस किए जाने की रिपोर्ट मिली। मेलबर्न के पूर्वी उपनगरों के अलावा प्रेस्टन, हीडलबर्ग हाइट्स, वीनस बे और आसपास के अन्य इलाकों में भी लोगों ने झटके महसूस किए।

सोशल मीडिया पर लोगों ने बताया कि भूकंप के कारण उनकी नींद खुल गई और घरों में कंपन महसूस हुआ। कई लोगों ने फर्नीचर और घर के हिलने की जानकारी साझा की।

विक्टोरिया की स्टेट इमरजेंसी सर्विस ने लोगों को भूकंप के दौरान नीचे झुकने, मजबूत फर्नीचर के नीचे छिपने और सिर व गर्दन को सुरक्षित रखने की सलाह दी। ऑस्ट्रेलिया के मौसम विभाग ने कहा कि भूकंप से सुनामी का कोई खतरा नहीं है। मुख्य भूकंप के करीब 55 मिनट बाद 3.1 तीव्रता का आफ्टरशॉक भी दर्ज किया गया। विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों या हफ्तों में इस क्षेत्र में और आफ्टरशॉक महसूस किए जा सकते हैं।

मेलबर्न यूनिवर्सिटी के भूकंप विज्ञान के एसोसिएट प्रोफेसर मार्क क्विगली ने कहा कि साउथ गिप्पसलैंड ऑस्ट्रेलिया के अधिक सक्रिय भूकंपीय क्षेत्रों में से एक है। उनके मुताबिक, 4.8 तीव्रता के भूकंप के बाद आफ्टरशॉक आना असामान्य नहीं है। उन्हाेंने बताया कि भूकंप करीब 10 किलोमीटर की गहराई में चट्टान के एक हिस्से में अचानक हलचल के कारण आया। उन्होंने कहा कि भूकंप की गतिविधि बढ़ने जैसी धारणा के बावजूद हाल के वर्षों में भूकंपों की आवृत्ति में कोई स्पष्ट वृद्धि नहीं हुई है।

साउथ गिप्पसलैंड क्षेत्र को भूकंपीय गतिविधि के लिहाज से सक्रिय माना जाता है। विक्टोरिया में 2021 में मैन्सफील्ड के पास 5.9 तीव्रता का भूकंप आया था, जबकि 2023 में ग्रेट ओशन रोड क्षेत्र में 5.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। शनिवार का 4.8 तीव्रता वाला भूकंप 2023 के बाद विक्टोरिया में दर्ज सबसे बड़ा भूकंप बताया गया है।

क्विगली ने कहा कि लोगों के लिए यह देखना उपयोगी होगा कि उनके घरों में ऐसी कौन-सी वस्तुएं हैं, जो बड़े भूकंप की स्थिति में गिरकर नुकसान पहुंचा सकती हैं। उन्होंने कहा कि भूगर्भीय रिकॉर्ड से पता चलता है कि गिप्पसलैंड में अतीत में इससे कहीं अधिक शक्तिशाली भूकंप भी आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.