बीकानेर, 30 सितंबर । बीकानेर पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए विभिन्न प्रकरणों में जब्त किए गए अवैध मादक पदार्थों का नियमानुसार नष्टीकरण किया। यह कार्रवाई पुलिस द्वारा गठित ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की उपस्थिति में की गई।
पुलिस के अनुसार, जिले में दर्ज 15 अभियोगों में जब्त किए गए विभिन्न प्रकार के अवैध मादक पदार्थों का निस्तारण किया गया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 37.457 किलोग्राम डोडा पोस्त, 2.115 किलोग्राम गांजा, 2.37 ग्राम एमडी, 116.15 ग्राम स्मैक तथा 12.41 ग्राम एमडीएमए शामिल हैं।
पुलिस ने इन जब्त मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ 70 लाख 21 हजार 815 रुपये बताई है। सभी मादक पदार्थों को निर्धारित नियमों और प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया।
नष्टीकरण की कार्रवाई के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़, पुलिस निरीक्षक सुभाष बिजारणियां सहित ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी से जुड़े पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।