नूंह में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सम्मानित

नूंह, 25 सितंबर । महिला एवं बाल विकास विभाग, नूंह की ओर से नौवें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत शुक्रवार को जिला स्तरीय ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला कार्यक्रम अधिकारी सीमा प्रसाद के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसमें जिले के विभिन्न खंडों से करीब 300 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सुपरवाइजर, सामाजिक कार्यकर्ता एवं लाभार्थी महिलाएं शामिल हुईं।

कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की महिलाओं, बच्चों और परिवारों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी जमीनी स्तर तक पहुंचाना तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करना रहा। इस दौरान लाभार्थी महिलाओं को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पोषण माह के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मोटे अनाज की रेसिपी, सलाद मेकिंग और रंगोली प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।

कार्यक्रम में पोषण ट्रैकर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। विभिन्न खंडों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली कार्यकर्ताओं में फिरोजपुर झिरका से रुकसीना, नगीना से सीमा जैन, नूंह-1 से दर्शन देवी, तावडू से परमीला, पुनहाना-2 से सीमा ग्रोवर, पुनहाना-1 से मीणा तथा नूंह-2 से अंजू शामिल रहीं।

मुख्य अतिथि भाजपा महिला मंडल की अध्यक्ष गोल्डी शर्मा ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने महिलाओं और बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं समग्र विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों ने पोषण, महिला सशक्तिकरण तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.