नैनीताल, 20 सितंबर । माल रोड क्षेत्र स्थित बोट स्टैंड पर नौका चालकों के पर्यटकों से नौकायन के लिए पूछने पर विवाद हो गया। आरोप है कि नौका चालकों के राह चलते पर्यटकों से नौकायन के लिए पूछने पर पर्यटकों ने गालीगलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर पर्यटकों ने नाविकों के साथ मारपीट कर दी।
सूचना पर पहुंची तल्लीताल पुलिस दोनों पक्षों को चौकी ले गई। कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि मारपीट और गालीगलौज के मामले में शाहपुर कौशांबी, उत्तर प्रदेश निवासी कार्तिकेय सिंह, सुधांशु यादव, जय मिश्रा, वीर सिंह यादव, किशन सिंह और धनंजय सिंह के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई है।
सप्ताहांत और नंदा महोत्सव से बढ़ा पर्यटक वाहनों का दबाव:
सप्ताहांत और नंदा देवी महोत्सव के चलते रविवार को नैनीताल में पर्यटक वाहनों का दबाव बढ़ने से यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। सुबह से शाम तक मालरोड, तल्लीताल डांठ, मल्लीताल मस्जिद तिराहा और हाई कोर्ट मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। डीएसए मैदान में पार्किंग की सुविधा नहीं होने से मेट्रोपोल और सूखाताल पार्किंग पर दबाव बढ़ गया और दोपहर बाद दोनों पार्किंग स्थलों के भर जाने पर पर्यटक वाहन पार्किंग के लिए इधर-उधर चक्कर लगाते रहे।
उल्लेखनीय है कि नगर की प्रमुख डीएसए कार पार्किंग में नंदा देवी महोत्सव के मेले का आयोजन होने के कारण पार्किंग में वाहन खड़े नहीं हो रहे हैं।
उधर कैंची धाम जाने के लिये भी पर्यटकों व श्रद्धालुओं की सुबह से ही भीड़ रही। इसके चलते शाम तक भवाली से भूमियाधार तक वाहनों की कतार लगी रही और नैनीताल की सड़कों पर भी वाहनों का दबाव बना रहा।
पुलिस अधीक्षक डॉ जगदीश चंद्र ने बताया कि सप्ताहांत को देखते हुए यातायात के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी, जिसमें कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों के लिए भी व्यवस्थाएं की गई थीं। नैनीताल में पार्किंग स्थल भर जाने के कारण यातायात का दबाव बढ़ा और समस्या उत्पन्न हुई, हालांकि देर शाम तक यातायात व्यवस्था को सुचारू कर दिया गया।