प्रयागराज, 04 सितंबर । श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर प्रयागराज में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। पर्व के अवसर पर पुलिस लाइन परिसर स्थित मंदिर सहित जिले के सभी प्रमुख मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। रंग-बिरंगी रोशनी और विशेष सजावट से मंदिर परिसर भक्तिमय नजर आ रहे हैं।
जन्माष्टमी को देखते हुए केंद्रीय कारागार नैनी, अग्निशमन केंद्र सिविल लाइंस, जिले के सभी थानों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर स्थित मंदिरों को भी सुंदर ढंग से सजाया गया है। पुलिस विभाग के परिसर में बने मंदिरों में विशेष सजावट के साथ पर्व की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिरों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिसकर्मी मंदिर परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रख रहे हैं, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मना सकें।
पुलिस प्रशासन की ओर से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। पुलिस का प्रयास है कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और जन्माष्टमी का आयोजन हर्षोल्लास एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो।
पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर प्रयागराज पुलिस पूरी तरह सतर्क है। सभी प्रमुख मंदिरों और महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी के साथ पुलिस बल भी तैनात किया गया है। श्रद्धालुओं से अपील है कि वे शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाएं और किसी भी तरह की असुविधा होने पर तत्काल पुलिस की मदद लें। पुलिस का उद्देश्य सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुखद वातावरण उपलब्ध कराना है।