उदयपुर में दिनदहाड़े फायरिंग से हड़कंप, दो दिन में दूसरी वारदात

उदयपुर, 01 सितंबर । उदयपुर शहर में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। हाथीपोल थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। सहेलियों की बाड़ी रोड स्थित हेरिटेज लोक मरुधर नृत्य के बाहर इरफान बन्ना को निशाना बनाकर गोली चलाने की जानकारी सामने आई है। घटना में इरफान घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उसकी हालत सामान्य बताई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आशीफ उर्फ अली ने इरफान पर दो गोलियां चलाईं। सूचना मिलते ही हाथीपोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डीएसपी राजेश यादव ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मौके से जानकारी जुटाने के साथ आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

घायल के भाई बिलाल के अनुसार उनका मछली का सरकारी और लाइसेंसी ठेका है। एक दिन पहले एक व्यक्ति को अवैध रूप से मछली पकड़ने से रोकने को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के चलते फायरिंग की आशंका जताई जा रही है। पुलिस घटना के कारणों और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

खास बात यह है कि दो दिन पहले सवीना थाना क्षेत्र में भी फायरिंग की वारदात हुई थी। ऐसे में शहर में दो दिन के भीतर गोली चलने की दूसरी घटना ने कानून व्यवस्था और अपराधियों में पुलिस के खौफ को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.