महापौर ने दक्षिणी पूर्वी जोन का किया निरीक्षण, स्वच्छता एवं निर्माण कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

नई दिल्ली, 31 अगस्त । दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने राजधानी की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए सोमवार को दक्षिणी पूर्वी जोन के विभिन्न क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने विजय कैंप में निर्माणाधीन फिक्सड कॉम्पेक्टर ट्रांसफर स्टेशन (एफसीटीएस) के निर्माण के विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को फिक्स्ड कॉम्पेक्टर को जल्द से जल्द स्थापित करने के निर्देश दिए, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके।

इस अवसर पर महापौर ने निगमायुक्त संजीव खिरवार के साथ लाजपत नगर स्थित ऐनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) सेंटर का औचक निरीक्षण किया । उन्होंने सेंटर की व्यवस्थाओं एवं कार्यप्रणाली को बारीकी से देखा और पशु चिकित्सा अधिकारियों से बात की। सेंटर में बहुत से आवारा कुत्तों की ठीक देखभाल नहीं होने पर निगमायुक्त संबंधित संस्था एवं अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

वाही ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि एबीसी सेंटर में आवारा कुत्तों का उचित इलाज एवं देखभाल में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डॉग शेल्टर में पर्याप्त संसाधन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की कोताही ना बरती जाए।

उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम पशु कल्याण एवं नागरिकों सुविधाओं में निरंतर सुधार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को एबीसी सेंटर में आवारा कुत्तों के उचित देखभाल और निगरानी के सख्त निर्देश दिए।

महापौर ने लाजपत नगर सेंट्रल मार्केट स्थित पार्किंग के समीप निर्माणाधीन फिक्सड कॉम्पेक्टर को भी यथाशीघ्र पूरा किए जाने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि उक्त आधारभूत सुविधाएं अतिशीघ्र जनता की सुविधा के लिए शुरू की जाए।

महापौर वाही ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि लाजपत नगर क्षेत्र में स्वच्छता संबंधित सभी विकास कार्यों को सितम्बर माह तक निश्चित रूप से पूरे किए जाने चाहिए। उन्होंने दक्षिणी पूर्वी क्षेत्र के सभी वार्डों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन सभी स्थानों को तत्काल साफ करने के निर्देश दिए जहां से ढलाव बंद कर फिक्स्ड कंपेक्टर ट्रांसफर स्टेशन में स्थानांतरित किए गए हैं।

महापौर ने पार्षद अर्जुन सिंह मारवाह के साथ जांगपुरा क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। यहां निर्मित फिक्स्ड कॉम्पेक्टर का जायजा लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

साथ ही महापौर ने निजामुद्दीन क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को नीले गुंबद चौक पर सफाई व्यवस्था बेहतर करने के लिए अतिरिक्त संसाधन व सफाई कर्मचारियों लगाने की बात कही। इस अवसर पर दरियागंज वार्ड की पार्षद सारिका चौधरी भी उपस्थित रहीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने तथा सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को सभी विकास परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उनके साथ जोन अध्यक्ष नीतू चौधरी, उपायुक्त डॉ सचिन गुप्ता, अभियंता प्रमुख के के शर्मा सहित निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.