जयपुर, 26 अगस्त । प्रदेश में आगामी समय में अब बारिश की गतिविधियों में कमी देखने को मिलेगी। प्रदेश में बुधवार को जयपुर सहित करीब 15 शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश करौली के सपोटरा में 47 मिमी दर्ज की गई। पश्चिम राजस्थान में बारिश की बेरुखी के चलते श्रीगंगानगर और बीकानेर का पारा 40 डिग्री के पार दर्ज किया गया। जयपुर की लाइफलाइन बीसलपुर बांध का वर्तमान जलस्तर 314.09 आरएल मीटर दर्ज किया गया, बांध में बीते 24 घंटे में 4 सेंटीमीटर पानी की आवक देखने को मिली हैं। त्रिवेणी में लगातार पानी की आवक हो रही है।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को जयपुर, बांसवाड़ा, बांरा, भरतपुर, डीग, धौलपुर, झालावाड़, करौली, कोटा, प्रतापगढ़, माउंट आबू , सवाईमाधोपुर और दौसा सहित कुछ अन्य जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। प्रदेश में बुधवार को श्रीगंगानगर सबसे गर्म शहर रहा। यहां का अधिकतम तापमान 41.4 और न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री दर्ज किया गया। कोटा के इटावा में नोनेरा-ऐबरा बांध के 3 गेट 5 मीटर तक खोल दिए गए हैं। इनसे 32 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 27 अगस्त से 2 सितंबर के दौरान पूर्वी राजस्थान में भी पुन: बारिश की गतिविधियों में कमी होने की संभावना है। हालांकि, कोटा संभाग के कुछ भागों में 27-28 अगस्त को हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह कमजोर मानसून परिस्थितियां जारी रहने की संभावना है। मंगलवार को राज्य के पश्चिमी भाग मे कहीं-कहीं हल्की वर्षा दर्ज की गई तथा पूर्वी भाग में मेघगर्जन के साथ कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा दर्ज की गई । सर्वाधिक बारिश तालेड़ा (बूंदी), सावर(अजमेर) में 73 मिलीमीटर दर्ज की गई।
जयपुर में तेज हवा के साथ बारिश, एक इंच बारिश से सड़कों पर भरा पानी
जयपुर में दोपहर बाद तेज हवा के साथ बारिश हुई। करीब एक घंटे से अधिक समय तक चले बारिश के इस दौर के बाद सड़कों पर पानी भर गया। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा और कुछ जगहों पर जाम के हालात नजर आए। जयपुर में करीब 25 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। सांगानेर में 21 और चाकसू में 6 मिमी बारिश दर्ज की गई। बादल छाए रहने के कारण जयपुर के दिन तापमान में तीन डिग्री का उछाल दर्ज किया गया। बारिश के बाद तापमान में करीब 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 34.1 और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री दर्ज किया गया।