शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान में प्रदेशभर में 60 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण

जयपुर, 24 अगस्त । प्रदेशभर में चलाए जा रहे “शुद्ध आहार–मिलावट पर वार” अभियान के तहत सोमवार खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग द्वारा प्रदेशभर में सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई की गई। त्योहारी सीजन को देखते हुए दूध, मावा, मिठाई, पनीर, घी एवं अन्य खाद्य पदार्थों की विशेष निगरानी की जा रही है।

प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ ने कहा कि जनस्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। खाद्य पदार्थों में मिलावट एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के विरुद्ध विभाग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा दलों ने प्रदेशभर में 60 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 94 नमूने लिए। इनमें 53 विधिक एवं 41 सर्विलांस नमूने शामिल हैं। नमूनों में दूध एवं दुग्ध उत्पाद, मिठाइयां, मावा, घी, खाद्य तेल, मक्खन, पनीर सहित अन्य खाद्य पदार्थ शामिल हैं।

मानव उपभोग के अयोग्य एवं दूषित पाए जाने पर विभिन्न जिलों में कुल 429 किलो खाद्य सामग्री मौके पर ही नियमानुसार नष्ट करवाई गई। इनमें 257 किलो मिठाइयां, 142 किलो मिल्क प्रोडक्ट्स, 10 किलो घी/तेल तथा 20 किलो अन्य खाद्य सामग्री शामिल है।

मिठाइयों को सवाई माधोपुर, चूरू, अलवर, कोटपूतली-बहरोड़, राजसमंद, अजमेर एवं भीलवाड़ा सहित विभिन्न जिलों में नष्ट कराया गया। वहीं मिल्क प्रोडक्ट्स भीलवाड़ा, ब्यावर, सीकर, करौली एवं अजमेर में नष्ट कराए गए।

खैरथल-तिजारा जिले में खाद्य सुरक्षा दल ने संदिग्ध गुणवत्ता पाए जाने पर 300 किलो मिल्क प्रोडक्ट जब्त किया। जब्त सामग्री के संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए प्रदेशभर में निरीक्षण एवं नमूनीकरण की कार्रवाई तेज की गई है। दूध, मावा, मिठाई, पनीर, घी एवं अन्य खाद्य पदार्थों की विशेष निगरानी की जा रही है।

जांच में खाद्य पदार्थ सब-स्टैंडर्ड, अनसेफ या मिसब्रांडेड पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने खाद्य कारोबारियों से स्वच्छता, गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने तथा आमजन से संदिग्ध अथवा मिलावटी खाद्य पदार्थों की सूचना विभाग को देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.