हर हर महादेव के नारों से गूंजाय मान हुआ नोएडा, ढाई हजार पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात, ड्रोन से रखी जा रही है नजर

नोएडा, 11 अगस्त । सावन की शिवरात्रि पर मंगलवार को सुबह से ही जनपद के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। लोग मंदिरों में जलाभिषेक कर रहे हैं। पूरा शहर हर -हर महादेव के जयकारे से गुंजायमान हो गया है। हर तरफ शिव भक्त कांवड़िये बम- बम बोल के जयकारे करते हुए डीजे पर भजन के साथ-साथ नृत्य करते हुए जलाभिषेक करने के लिए मंदिरों पर पहुंच रहे हैं। उनके साथ उनके परिवार के लोग, गांव -समाज के लोग और रिश्तेदार भी मंदिरों पर पहुंच रहे हैं। शिव भक्त कांवड़ियों की आवाजाही को देखते हुए नोएडा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किये हैं।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था के लिए करीब 2500 पुलिसकर्मी तैनात है। मंदिरों के अलावा कांवड़ मार्गों पर भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है। यातायात विभाग को विशेष रूप से अलर्ट किया गया है।

अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि धार्मिक स्थलों पर भीड़ को व्यवस्थित रखने और किसी तरह की अव्यवस्था रोकना प्राथमिकता है। पुलिसकर्मियों को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ श्रद्धालुओं की मदद करने के निर्देश दिए गए हैं। मंगलवार को मंदिरों और कांवड़ मार्ग पर 3000 सीसीटीवी कैमरों और 30 ड्रोन से निगरानी रखी जा रही है। एआई आधारित कैमरों से भीड़ का आकलन और संदिग्ध गतिविधियों की पहचान की जा रही है। पुलिस सोशल मीडिया पर भी नजर रख रही है। भीड़ के बीच सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात है।

वही डीएम मेधा रूपम और पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा में कांवड़ यात्रा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। यहां के सभी मंदिरों में सुबह से ही जल चढ़ाना शुरू हो गया है। शिव भक्त मंदिरों पर काफी संख्या में पहुंच कर जलाभिषेक कर रहे हैं। शिव भक्तों और कावड़ियो के आगमन से पूरा शहर शिवमय हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.