दुबई से लौटने के बाद पुणे से लापता हुआ शेरकोट का युवक, परिजनों ने लगाई गुहार

बिजनौर, 05 जुलाई । उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के थाना शेरकोट नगर के मोहल्ला कोटरा निवासी एक युवक के दुबई से भारत लौटने के बाद पुणे से लापता होने का मामला सामने आया है। युवक का एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कोई पता नहीं चलने पर परिजनों में चिंता व्याप्त है। उन्होंने पुणे पुलिस से युवक की तलाश कर सुरक्षित बरामदगी की गुहार लगाई है।

जानकारी के अनुसार मोहल्ला कोटरा निवासी मोहम्मद अफजल पुत्र मोहम्मद शकील दुबई की एक निजी कंपनी में कार्यरत था। करीब एक सप्ताह पूर्व वह दुबई से विमान के जरिए पुणे पहुंचा था। परिजनों का कहना है कि एयरपोर्ट से बाहर निकलने के बाद अफजल का मोबाइल बंद हो गया और तब से उसका किसी से कोई संपर्क नहीं हो सका है। अफजल के भाई मोहम्मद फैसल और नवेद ने बताया कि उन्होंने मामले की शिकायत पुणे पुलिस से की है। पुलिस को युवक की गुमशुदगी से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी उपलब्ध करा दी गई है, लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग सका है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से युवक की शीघ्र तलाश कर सुरक्षित घर वापस लाने की मांग की है। ———

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.