
चक्रवात तौकते के संबंध में तैयारियों का आकलन करने के लिए कैबिनेट सचिव सभी तटीय राज्यों और केंद्रीय मंत्रालयों और एजेंसियों के मुख्य सचिवों के लगातार संपर्क में हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय चौबीसों घंटे स्थिति की समीक्षा कर रहा है। गृह मंत्रालय राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों तथा संबंधित केंद्रीय एजेंसियों के संपर्क में है। मंत्रालय ने सभी तटीय राज्यों को राज्य आपदा मोचन कोष-एसडीआरएफ की पहली किस्त पहले ही जारी कर दी है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल-एनडीआरएफ ने छह राज्यों में नावों, पेड़ काटने वाले और दूरसंचार उपकरणों से लैस 42 टीमों को पहले से तैनात किया है और 26 टीमों को तैयार रखा गया है।
भारतीय तटरक्षक बल और नौसेना ने राहत, खोज और बचाव कार्यों के लिए जहाज और हेलीकॉप्टर तैनात किए हैं। थल सेना की इंजीनियर टास्क फोर्स इकाइयाँ, नावों और बचाव उपकरणों के साथ तैनाती के लिए तैयार हैं। मानवीय सहायता और आपदा राहत इकाइयों के साथ सात जहाज पश्चिमी तट पर तैयार हैं। निगरानी विमान और हेलीकॉप्टर पश्चिमी तट पर लगातार निगरानी कर रहे हैं। आपदा राहत दल और चिकित्सा दल त्रिवेंद्रम, कन्नूर और पश्चिमी तट के साथ अन्य स्थानों पर तैनात हैं। विद्युत मंत्रालय ने बिजली की तत्काल बहाली के लिए ट्रांसफार्मर, डीजी सेट और उपकरणों को तैयार रखा है। दूरसंचार मंत्रालय सभी दूरसंचार टॉवरों और केन्द्रों पर लगातार नजर रखे है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने प्रभावित क्षेत्रों में कोविड महामारी पर स्वास्थ्य क्षेत्र की तैयारियों और प्रतिक्रिया के लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को एडवाइजरी जारी की है।