Site icon TIMES OF PEDIA

यमन के 4 प्रांतों में हवाई हमले, विस्फोट में घायल एक सुरक्षा अधिकारी की मौत

yemen-houthi-dispute-airstrikes-explosion-security

yemen-houthi-dispute-airstrikes-explosion-security

सना, 28 नवंबर । यमन में सरकारी बलों और हौथी विद्रोहियों के बीच संघर्ष एक बार फिर तेज हो गया है। शुक्रवार को देश के चार प्रांतों में सैन्य तनाव बढ़ने की खबरें सामने आईं। यमन के सरकारी बलों ने दक्षिण-पश्चिमी प्रांत ताइज़ और उत्तरी प्रांत अल-जौफ़ में हौथी ठिकानों और सैन्य वाहनों को निशाना बनाया। वहीं, हौथी समूह ने सऊदी अरब पर ताइज़, अल-हुदैदाह और सादा में हवाई हमले करने का आरोप लगाया है।

इसी बीच, दक्षिणी प्रांत लाहज में सड़क किनारे हुए बम विस्फोट में घायल एक सुरक्षा अधिकारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। लगातार बढ़ती सैन्य गतिविधियों ने क्षेत्र में तनाव और बढ़ा दिया है।

यमन की सेना ने शुक्रवार को बयान जारी कर बताया कि उसके लड़ाकू विमानों ने दक्षिणी ताइज़ के अल-अकरौद मोर्चे पर स्थित माउंट धाहिह में हौथी विद्रोहियों के ठिकानों को निशाना बनाया। हालांकि, सेना ने हमले में हुए नुकसान या हताहतों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।

अल-अकरौद मोर्चा रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। यह ताइज़ शहर के दक्षिणी प्रवेश द्वार और माउंट साबिर के नजदीक स्थित है। माउंट साबिर से शहर के बड़े हिस्से पर नजर रखी जा सकती है।

वहीं, उत्तरी प्रांत अल-जौफ़ में सरकारी बलों ने ड्रोन के जरिए हौथी विद्रोहियों के सैन्य वाहनों पर हमले किए। सेना की आधिकारिक वेबसाइट ‘सितंबर नेट’ ने इन हमलों के वीडियो भी जारी किए हैं। हालांकि, हमलों के परिणामों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

अल-जौफ़ की भौगोलिक स्थिति भी सैन्य दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इसकी सीमा सऊदी अरब से लगती है और यह हौथी नियंत्रित सादा, अमरान तथा सना प्रांतों के करीब है। इसके अलावा, यह तेल समृद्ध हधरामौत और मारिब के भी नजदीक है।

दक्षिणी यमन के लाहज प्रांत में एक सड़क किनारे हुए बम विस्फोट में घायल सुरक्षा अधिकारी कैप्टन अव्वास मोहम्मद इस्कंदर की शुक्रवार को मौत हो गई।

स्थानीय समाचार वेबसाइट ‘अल-मस्दर ऑनलाइन’ के मुताबिक, इस्कंदर ग्रीन सिटी के पुलिस प्रमुख थे। मंगलवार को अल-फायोश इलाके में उनके गश्ती दल को निशाना बनाकर विस्फोट किया गया था। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां शुक्रवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। फिलहाल विस्फोट के पीछे किसका हाथ था और हमले की परिस्थितियां क्या थीं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।

इस बीच, ताइज़ में यमन सरकार के ‘सीज अफेयर्स ऑफिस’ ने हौथी विद्रोहियों पर महिलाओं और लड़कियों को निशाना बनाने का गंभीर आरोप लगाया है।

कार्यालय की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 10 अगस्त से 17 नवंबर के बीच ताइज़ के विभिन्न जिलों में हौथी विद्रोहियों की गोलाबारी और स्नाइपर हमलों में 42 महिलाओं और लड़कियों की मौत हुई, जबकि 161 अन्य घायल हुईं। इस तरह कुल 203 महिलाओं और लड़कियों के हताहत होने का दावा किया गया है। कार्यालय ने कहा कि लगातार जारी हमलों के कारण हजारों महिलाओं को अपने घर छोड़कर विस्थापित होना पड़ा है। इन हमलों में गोलाबारी, स्नाइपर फायरिंग और हत्याएं शामिल हैं। हालांकि, इन आंकड़ों और आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है।

यमन में सरकारी बलों और हौथी विद्रोहियों के बीच जुलाई से सैन्य संघर्ष तेज हुआ है। खासतौर पर ताइज़, लाहज और मारिब प्रांतों में लड़ाई बढ़ी है। इससे अप्रैल, 2022 से बनी अपेक्षाकृत शांति की स्थिति को झटका लगा है। यमन में संघर्ष की शुरुआत सितंबर 2014 में हुई थी, जब हौथी विद्रोहियों ने राजधानी सना और कई अन्य प्रांतों पर कब्जा कर लिया था। इसके बाद मार्च, 2015 में सऊदी अरब के नेतृत्व वाले अरब गठबंधन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त यमन सरकार के समर्थन में सैन्य हस्तक्षेप किया। तब से देश गृहयुद्ध और राजनीतिक अस्थिरता से जूझ रहा है।

Exit mobile version