सिरसा, 07 अगस्त । सिरसा के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान महिला मरीज की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। मृतक महिला की पहचान गांव केलनियां निवासी सूरता देवी के रूप में हुई है जो कि आंगनवाड़ी वर्कर के पद पर कार्यरत थी।
परिजनों ने बताया कि सूरता देवी को रीढ़ की हड्डी में दिक्कत थी। उसका इलाज सिरसा के निजी अस्पताल से चल रहा था। गुरुवार को सूरता देवी को दिक्कत ज्यादा होने लगी तो उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। डाक्टरों ने सूरता देवी का आपरेशन किया। शाम को डाक्टर ने कहा कि आपरेशन ठीक हो गया है। रात को अचानक सूरता देवी की तबीयत बिगड़ गई। आरोप है कि आईसीयू में तैनात स्टाफ ने कोई ध्यान नहीं दिया। परिजनों ने स्टाफ सदस्यों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर खूब हंगामा किया। पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें शांत किया। परिजनों ने लापरवाह स्टाफ पर कार्रवाई की मांग की है। बाद में डेड बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भेजा गया है।

