Site icon TIMES OF PEDIA

मौसम साफ होते ही सर्दी ने पकड़ी रफ्तार, 10 शहरों का पारा 15 डिग्री से नीचे

winter-intensifies-shekhawati

winter-intensifies-shekhawati

जयपुर, 11 नवंबर । मौसम साफ होते ही प्रदेश में सर्दी रफ्तार पकडऩे लगी है। प्रदेश के 10 शहरों का रात का पारा 15 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। सीकर की रात सबसे सर्द रही। आगामी दाे दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है। एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 14-15 नवंबर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार भीलवाड़ा, चित्तौडग़ढ़, चूरू, डबोक,पिलानी, सीकर, वनस्थली, सिरोही, फतेहपुर और नागौर का रात का पारा 10 डिग्री से नीचे रहा। सीकर की रात माउंट आबू से सर्द रही। सीकर का रात का पारा 10 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि माउंट आबू का रात का पारा 15.2 डिग्री दर्ज किया गया। 37 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 22 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही। जयपुर के रात के पारे में 1.9 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 30.8 और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य के अधिकांश भागों में आगामी 3 दिन मौसम शुष्क रहने की प्रबल संभावना है। हालांकि, एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 14-15 नवंबर को पश्चिमी व उत्तरी राजस्थान के कुछ भागों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने व कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। राज्य के कुछ भागों में 15 नवंबर के बाद न्यूनतम व अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री गिरावट होने की संभावना है।

Exit mobile version