Site icon TIMES OF PEDIA

वेनेजुएला ने की राउल कास्त्रो के खिलाफ अमेरिकी गिरफ्तारी वारंट की निंदा, क्यूबा के समर्थन की अपील

venezuela-raul-castro-condemns-america-arrest-warr

venezuela-raul-castro-condemns-america-arrest-warr

काराकास, 22 अक्टूबर । वेनेजुएला की सत्तारूढ़ यूनाइटेड सोशलिस्ट पार्टी (पीएसयूवी) ने क्यूबा के पूर्व राष्ट्रपति राउल कास्त्रो के खिलाफ अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य में जारी गिरफ्तारी वारंट की निंदा की है। पार्टी ने इसे क्यूबा के नेतृत्व को डराने की कोशिश बताते हुए लैटिन अमेरिकी और कैरेबियाई देशों से क्यूबा के समर्थन में आगे आने की अपील की है।

तुर्किए की सरकारी समाचार एजेंसी अनाडोलू के मुताबिक, बुधवार को जारी बयान में पीएसयूवी ने क्यूबा के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए गिरफ्तारी वारंट को खारिज किया। पार्टी का कहना है कि यह कदम अंतरराष्ट्रीय कानून और क्यूबा की संप्रभुता का उल्लंघन है तथा इसका कोई वैध कानूनी आधार नहीं है।

पार्टी ने इस मामले को हवाना पर बढ़ते अमेरिकी दबाव से जोड़ते हुए कहा कि जनवरी से क्यूबा के खिलाफ अमेरिकी आर्थिक प्रतिबंध और सख्त हुए हैं, जिससे वहां की जनता पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। पीएसयूवी ने क्यूबा की स्वतंत्रता और उसके लोगों के आत्मनिर्णय के अधिकार के प्रति अपना समर्थन भी दोहराया।

राउल कास्त्रो के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट का संबंध वर्ष 1996 में मियामी स्थित क्यूबा के निर्वासित संगठन ‘ब्रदर्स टू द रेस्क्यू’ के दो नागरिक विमानों को मार गिराए जाने की घटना से है। इस घटना में चार लोगों की मौत हुई थी। घटना के समय राउल कास्त्रो क्यूबा के रक्षा मंत्री थे। अमेरिकी अधिकारियों का आरोप है कि विमानों को गिराए जाने की कार्रवाई को मंजूरी देने में उनकी भूमिका थी।

फ्लोरिडा के अटॉर्नी जनरल जेम्स उथमियर ने कहा है कि राज्य इस घटना में हुई मौतों के लिए जवाबदेही सुनिश्चित करेगा। गिरफ्तारी वारंट के बाद कास्त्रो को उन न्यायालयों के अधिकार क्षेत्र में गिरफ्तारी का सामना करना पड़ सकता है, जो उन्हें फ्लोरिडा प्रत्यर्पित करने के लिए तैयार हों।

इस घटना को लेकर अमेरिका और क्यूबा के बीच लंबे समय से विवाद बना हुआ है। क्यूबा का कहना है कि दोनों विमान उसके हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गए थे। वहीं, अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (आईसीएओ) ने निष्कर्ष निकाला था कि विमानों को गिराए जाने के समय वे अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में थे।

इस मतभेद ने वाशिंगटन और हवाना के बीच तनाव को और बढ़ा दिया है। राउल कास्त्रो के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट ऐसे समय जारी किया गया है, जब क्यूबा पर अमेरिकी प्रतिबंधों और राजनीतिक दबाव को लेकर दोनों देशों के बीच मतभेद बने हुए हैं।

फ्लोरिडा में शुरू हुई यह नई कानूनी कार्रवाई 1996 के विमान हादसे से जुड़े मामले को फिर चर्चा में ले आई है। वहीं, वेनेजुएला की सत्तारूढ़ पार्टी ने इस कदम का विरोध करते हुए क्षेत्रीय देशों से क्यूबा की संप्रभुता और स्वतंत्रता के समर्थन में एकजुट होने का आह्वान किया है।

Exit mobile version