Site icon

विधान सभा उपचुनाव 2026 नतीजे, क्या है सन्देश ?

विधान सभा उपचुनाव 2026

विधानसभा उपचुनाव: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर जीत गए हैं. इस सीट पर बीजेपी के नीरज कुमार दूसरे नंबर पर हैं. वहीं मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर हुए उपचुनाव में बीजेपी के आशुतोष तिवारी कांग्रेस के घनश्याम सिंह से हार गए हैं.

उधर गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर बीजेपी के सतेंद्रभाई पटेल जीत गए हैं. उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार भीखाभाई रबाड़ी को 30630 मतों से हराया.

मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव का नतीजा सिर्फ़ एक सीट का परिणाम नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में बीजेपी की पहली बड़ी चुनावी परीक्षा के तौर पर भी देखा जा रहा है। इन सीटों पर 30 जुलाई को वोटिंग हुई थी.

दूसरी ओर, कांग्रेस भी इस चुनाव में अंदरूनी चुनौतियों से जूझती नज़र आई। मतदान से ठीक पहले पार्टी ने अपने पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया, जिससे चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया।

इन परिस्थितियों के बावजूद कांग्रेस उम्मीदवार कुंवर घनश्याम सिंह ने बीजेपी के आशुतोष तिवारी को 6,016 वोटों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की।

यह उपचुनाव उस सीट पर हुआ था जो कांग्रेस के तत्कालीन विधायक राजेंद्र भारती की बैंक धोखाधड़ी के एक मामले में दोषसिद्धि के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त होने से रिक्त हुई थी।

चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में कांग्रेस के भीतर मतभेद भी खुलकर सामने आए। कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने आरोप लगाया कि राजेंद्र भारती बीजेपी के साथ मिलकर चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे।

दूसरी तरफ़ राजेंद्र भारती ने दावा किया कि घनश्याम सिंह के संबंध बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा से हैं.

बीजेपी ने इस उपचुनाव में बड़ा दांव खेलते हुए दतिया से लगातार छह बार विधायक रहे और प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट काट दिया। उनकी जगह पहली बार चुनाव मैदान में उतरे आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया गया।

हालांकि उम्मीदवार बदलने की रणनीति बीजेपी के लिए कारगर साबित नहीं हुई। मतगणना के तीसरे राउंड से ही कांग्रेस ने बढ़त बनानी शुरू कर दी और धीरे-धीरे उसका अंतर 12 हज़ार वोट से भी अधिक हो गया।

हालांकि अंतिम दो राउंड में बीजेपी ने कुछ बढ़त हासिल कर अंतर कम किया, लेकिन तब तक कांग्रेस निर्णायक बढ़त बना चुकी थी। आखिरकार कांग्रेस उम्मीदवार कुंवर घनश्याम सिंह ने 6,016 वोटों के अंतर से जीत दर्ज कर दतिया सीट पर कब्ज़ा कर लिया।

दतिया विधानसभा सीट पर यह लगातार दूसरा चुनाव है, जिसमें बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने तत्कालीन गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को शिकस्त दी थी और अब उपचुनाव में भी बीजेपी इस सीट पर दोबारा कब्ज़ा नहीं कर सकी।

हालांकि यह उपचुनाव सरकार के भविष्य का फैसला करने वाला नहीं था। विधानसभा में बीजेपी के स्पष्ट बहुमत पर इस नतीजे का कोई असर पड़ने वाला नहीं था। इसके बावजूद दोनों प्रमुख दलों ने इस सीट को प्रतिष्ठा का प्रश्न बना दिया और पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतर गए।

बीजेपी की ओर से मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, कई मंत्री और संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने व्यापक चुनाव प्रचार किया। पार्टी ने इस उपचुनाव को अपनी संगठनात्मक क्षमता और नेतृत्व की परीक्षा के रूप में लड़ा।

वहीं कांग्रेस ने स्थानीय जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने के साथ-साथ बीजेपी के भीतर चल रही कथित गुटबाज़ी और असंतोष को भी चुनावी मुद्दा बनाने की कोशिश की। ऐसे में दतिया का यह उपचुनाव केवल एक सीट का मुकाबला नहीं रहा, बल्कि प्रदेश की दोनों प्रमुख पार्टियों के लिए राजनीतिक प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया।

दतिया विधानसभा उपचुनाव की कहानी पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का ज़िक्र किए बिना अधूरी मानी जाएगी। लगभग तीन दशक तक दतिया की राजनीति के सबसे प्रभावशाली चेहरों में रहे नरोत्तम मिश्रा को इस बार बीजेपी ने टिकट नहीं दिया।

पार्टी ने उनकी जगह पहली बार चुनावी मैदान में उतरे आशुतोष तिवारी पर दांव लगाया। यही फैसला चुनाव के दौरान सबसे ज़्यादा चर्चा का विषय बना और परिणाम आने के बाद भी राजनीतिक विश्लेषण के केंद्र में बना हुआ है।

बीजेपी द्वारा उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद दतिया में असंतोष खुलकर सामने आया। टिकट वितरण के विरोध में प्रदर्शन हुए, कुछ पार्टी पदाधिकारियों ने इस्तीफ़ा दे दिया और चुनाव प्रचार के दौरान पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का भावुक होना भी राजनीतिक चर्चा का प्रमुख विषय बन गया।

हालांकि बाद में नरोत्तम मिश्रा ने कार्यकर्ताओं से संयम बनाए रखने की अपील की और पार्टी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी के समर्थन में सक्रिय रूप से चुनाव प्रचार भी किया।

इसके बावजूद पूरे चुनाव अभियान के दौरान एक सवाल लगातार बना रहा—क्या वर्षों तक नरोत्तम मिश्रा के नेतृत्व में काम करने वाला संगठन उसी उत्साह और एकजुटता के साथ नए उम्मीदवार के पीछे खड़ा हो पाया?

मध्य प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार देशदीप सक्सेना का मानना है कि चुनाव परिणाम के पीछे यह सबसे अहम कारणों में से एक रहा।

उन्होंने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से कहा, “नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटना, उसके बाद मंच पर उनका भावुक होना और फिर कार्यकर्ताओं के बीच दिखी नाराज़गी—ये सभी इस नतीजे के पीछे सबसे स्पष्ट कारणों में नज़र आते हैं।”

देशदीप सक्सेना के अनुसार चुनाव प्रचार के दौरान यह भी महसूस किया गया कि स्थानीय स्तर पर बीजेपी का संगठन पूरी तरह एकजुट दिखाई नहीं दिया। हालांकि उनका यह भी कहना है कि दतिया उपचुनाव की पूरी कहानी सिर्फ़ नरोत्तम मिश्रा के टिकट कटने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे कई स्थानीय और राजनीतिक कारणों ने भी मिलकर भूमिका निभाई।

विधानसभा उपचुनाव के नतीजों के कोई बहुत ख़ास माने नहीं हैं. मगर फिर भी इसको जनता का मिला जुला रुझान कह सकते हैं. देश के असली भविष्य का अंदाज़ा आगामी उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव के नतीजों पर डिपेंड करेगा!

Exit mobile version