Site icon TIMES OF PEDIA

तीन गोलियां लगने के बावजूद डटे रहे आरक्षी अमित कुमार शुक्ला, पुलिस कमिश्नर ने किया सम्मानित

up-vns-police-commissioner-awarded-constable

up-vns-police-commissioner-awarded-constable

वाराणसी, 27 नवंबर । अदम्य साहस, तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाले आरक्षी अमित कुमार शुक्ला को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सम्मानित किया। शुक्रवार को पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के पुलिस आयुक्त ने अपने कैंप कार्यालय में आरक्षी अमित कुमार शुक्ला को प्रतीक चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके साहसिक कार्य की सराहना की। आरक्षी अमित कुमार शुक्ला वर्तमान में थाना लंका में तैनात हैं। उन्हें अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के दौरान असाधारण साहस और कर्तव्यपरायणता का परिचय देने के लिए सम्मानित किया गया।

उल्लेखनीय है कि बीते 31 अक्टूबर को थाना लंका क्षेत्र में अवैध असलहों की तस्करी की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने तस्करों की घेराबंदी की थी। इस दौरान टीम में शामिल आरक्षी अमित कुमार शुक्ला ने तत्परता दिखाते हुए तस्करों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। लेकिन, तस्करों ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में आरक्षी अमित कुमार शुक्ला को तीन गोलियां लगीं। इसका फायदा उठाकर तस्कर मौके से फरार हो गए।

गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद अमित कुमार शुक्ला ने हौसला नहीं खोया। उन्होंने अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय बनाए रखा और पुलिस टीम को लगातार महत्वपूर्ण सूचनाएं एवं सहयोग प्रदान करते रहे। उनके इस निरंतर प्रयास और सक्रिय सूचना तंत्र के परिणामस्वरूप थाना लंका पुलिस ने घटना के महज 10 घंटे के भीतर पुलिस मुठभेड़ में अवैध असलहाें के साथ तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार तस्करों की निशानदेही पर पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध असलहे, कारतूस और अवैध असलहा निर्माण की फैक्ट्री भी बरामद की।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने आरक्षी अमित कुमार शुक्ला के अद्वितीय साहस, समर्पण और उत्कृष्ट कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका कार्य पुलिस बल के अन्य जवानों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने आरक्षी को भविष्य में भी इसी निष्ठा, समर्पण और तत्परता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

Exit mobile version