प्रयागराज, 30 अगस्त । आगामी चौबीस घंटे के मध्य प्रयागराज सहित उत्तर प्रदेश के 32 जिलों में बारिश की संभावना है। प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां एक बार फिर सक्रिय होने लगी हैं। रविवार को ऐसा पूर्वानुमान मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र ने चेतावनी जारी कर किया है।
प्रयागराज समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनी के मुताबिक सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, प्रयागराज, संत रविदास नगर, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, प्रतापगढ़, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, रायबरेली, अमेठी, आजमगढ़, मऊ, सुल्तानपुर, अयोध्या, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, हरदोई, सीतापुर, बहराइच, गोंडा, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर और श्रावस्ती में मौसम खराब होने की संभावना है।
स्थानीय स्तर पर तेजी से बदल सकता है मौसम
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार मानसूनी गतिविधियों और वातावरण में पर्याप्त नमी के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक वाले बादल विकसित हो रहे हैं। ऐसे में स्थानीय स्तर पर मौसम में अचानक बदलाव हो सकता है और कम समय में तेज बौछारें पड़ सकती हैं।
डॉ. पांडेय ने बताया कि गरज-चमक के दौरान लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। खुले मैदान, खेत, तालाब और नदी के आसपास जाने से बचें। पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों के नीचे खड़े न हों। किसानों को भी मौसम साफ होने तक खेतों में सिंचाई, उर्वरक और कीटनाशकों के छिड़काव से बचने की सलाह दी गई है।
बढ़ते जलस्तर के बीच विशेष सतर्कता
उधर, प्रयागराज में गंगा और यमुना के जलस्तर में भी पिछले 24 घंटे में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ऐसे में बारिश की चेतावनी के बीच नदी किनारे रहने वाले लोगों और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता जरूरी हो गई है। जिला प्रशासन के अनुसार जिले के सभी तटबंध फिलहाल सुरक्षित हैं और जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

