Site icon TIMES OF PEDIA

सड़क हादसे में घायलों को एसआरएन में मिल रहा 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज

up-prayagraj-srn-pm-rahata-

up-prayagraj-srn-pm-rahata-

सड़क दुर्घटना में घायल लोगों के लिए स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय (एसआरएन) में 1.5 लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। योजना के अंतर्गत पात्र दुर्घटना पीड़ितों को दुर्घटना की तारीख से अधिकतम सात दिनों तक उपचार की सुविधा मिल सकती है। एसआरएन में अब तक कई सड़क दुर्घटना पीड़ित इस योजना का लाभ लेकर उपचार करा चुके हैं।

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की इस पहल का उद्देश्य दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति को बिना आर्थिक चिंता के तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। खासतौर पर दुर्घटना के बाद का शुरुआती ‘स्वर्णिम समय’ (गोल्डन ऑवर) घायल की जान बचाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में योजना के माध्यम से उपचार में आर्थिक कारणों से होने वाली देरी को कम करने का प्रयास किया जा रहा है।

योजना के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार बीमित और गैर-बीमित वाहनों से हुई सड़क दुर्घटनाओं के अलावा हिट एंड रन के पात्र मामलों में भी घायल व्यक्ति को इसका लाभ मिल सकता है। आपात स्थिति में 112 आपातकालीन सहायता सेवा के माध्यम से भी मदद प्राप्त की जा सकती है।

ट्रॉमा सेंटर में तत्काल उपचार

एसआरएन अस्पताल में सड़क दुर्घटना के गंभीर घायलों को ट्रॉमा सेंटर और संबंधित विभागों के माध्यम से तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। मरीज की स्थिति के अनुसार आवश्यक जांच, दवाएं, शल्य चिकित्सा और अन्य चिकित्सा सुविधाएं योजना के प्रावधानों के अंतर्गत उपलब्ध कराई जाती हैं।

मोतीलाल नेहरू मेडिकल के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. ए.के. वर्मा ने कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद शुरुआती समय मरीज का जीवन बचाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। पीएम राहत योजना आर्थिक कारणों से उपचार में होने वाली देरी को कम करने में सहायक है। अस्पताल में दुर्घटना पीड़ितों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति को बिना समय गंवाए नजदीकी सक्षम अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करें।

योजना के प्रभारी एवं एनेस्थीसिया विभाग के सहायक आचार्य डॉ. अनिल सिंह ने बताया कि एसआरएन अस्पताल में पीएम-राहत योजना के तहत अब तक कई दुर्घटना पीड़ितों को कैशलेस उपचार का लाभ दिया जा चुका है। अस्पताल पहुंचते ही घायल की आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए उपचार शुरू कराया जाता है। उन्होंने कहा कि गंभीर दुर्घटनाओं में शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है, इसलिए प्रयास रहता है कि आर्थिक परेशानी या औपचारिकताओं के कारण किसी पात्र मरीज के उपचार में अनावश्यक देरी न हो।

योजना की प्रमुख सुविधाए

डॉ. अनिल सिंह ने उपचार सड़क दुर्घटना के पात्र पीड़ितों को कैशलेस उपचार की सुविधा। दुर्घटना की तारीख से अधिकतम सात दिनों तक उपचार। अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक कैशलेस उपचार। निर्धारित प्रावधानों के तहत हिट एंड रन सहित पात्र सड़क दुर्घटना मामलों में लाभ। दुर्घटना के बाद ‘स्वर्णिम समय’ में तत्काल उपचार उपलब्ध कराकर जीवन बचाने पर जोर दिया। पीएम राहत योजना से सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को समय पर उपचार मिलने के साथ उनके परिवारों पर पड़ने वाले तत्काल आर्थिक बोझ को कम करने में भी मदद मिल रही है। एसआरएन अस्पताल में इस सुविधा का उद्देश्य यही है कि किसी पात्र दुर्घटना पीड़ित का इलाज पैसे या औपचारिकताओं के कारण न रुके।

Exit mobile version