Site icon TIMES OF PEDIA

इमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों से ही बनेगा समृद्ध राष्ट्र : डॉ. अजय गोविंद राव

up-prayagraj-dr-ajay-govinda-

up-prayagraj-dr-ajay-govinda-

प्रयागराज, 30 अक्टूबर । इमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को अपनाकर ही देश को भ्रष्टाचार मुक्त और समृद्ध बनाया जा सकता है। इसके लिए प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में सत्यनिष्ठा को प्राथमिकता देनी होगी। यह बातें शुक्रवार को ठा. हर नारायण सिंह ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के प्राचार्य डॉ. अजय गोविंद राव ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कहीं।

उन्होंने कहा कि देशभर में चलाए जा रहे सतर्कता जागरूकता अभियान का उद्देश्य लोगों को भ्रष्टाचार के प्रति जागरूक करने के साथ ही ईमानदारी और नैतिकता के महत्व को समझाना है।

आयकर विभाग प्रयागराज और ठा. हर नारायण सिंह ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के संयुक्त तत्वावधान में सतर्कता जागरूकता अभियान के तहत निबंध, पोस्टर और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें स्नातक और परास्नातक के करीब 180 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उपनिदेशक ई. विनय प्रताप सिंह, आयकर अधिकारी एनके वर्मा और आयकर अधिकारी रेशमा बा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

निबंध प्रतियोगिता में एमकॉम की आयशा अंसारी ने प्रथम, बीकॉम के सुमित वर्मा ने द्वितीय और बीएससी की प्रकृति रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में बीएससी की सिमरन सूत्रधार प्रथम, बीएससी की नमरा मंसूर द्वितीय और बीए की सलोनी यादव तृतीय स्थान पर रहीं।

वाद-विवाद प्रतियोगिता में एमकॉम की आयशा अंसारी ने प्रथम, बीए के अश्वनी कुमार उपाध्याय ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, बीकॉम के सुमित वर्मा और बीए के आर्यन यादव संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे।

आयकर विभाग की टीम ने सभी विजेताओं को प्रमाणपत्र और उपहार देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिताओं में शामिल अन्य प्रतिभागियों को भी उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम में डीन अखिलेन्द्र प्रताप सिंह, डॉ. ज्योति यादव, सुम्बुल सिद्दीकी, दिव्या सिंह, विवेक मिश्रा, डॉ. आरके अग्रवाल, सुंदरम शर्मा, संदीप सिंह और डॉ. आयशा मारिया सहित कॉलेज के शिक्षक एवं आयकर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version