Site icon TIMES OF PEDIA

स्नातक चुनाव में पूरी मेहनत से जुटें कार्यकर्ता, मतदाताओं को मतदान के लिए करें प्रेरित : केशव मौर्य

up-prayagraj-deputy-cm-keshav-prasad-maurya

up-prayagraj-deputy-cm-keshav-prasad-maurya

प्रयागराज, 13 अक्टूबर । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ता इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में पूरी मेहनत और सक्रियता से जुट जायें। बूथ स्तर पर अपनी सक्रियता बढ़ाएं और मतदाताओं से लगातार संपर्क कर उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करें। यह बातें मंगलवार को कौशाम्बी रवाना होने से पूर्व सिविल लाइन स्थित भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ हुई बैठक को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहीं।

उन्होंने कहा कि इसके लिए पार्टी पदाधिकारी सटीक रणनीति तैयार करें। जनता भाजपा के साथ है और कार्यकर्ताओं की मेहनत से पार्टी को सफलता मिलेगी। बैठक में इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की गई और कार्यकर्ताओं को चुनाव अभियान में पूरी ताकत से जुटने का संदेश दिया गया। कार्यालय पहुंचने पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया।

केशव प्रसाद मौर्य ने कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव में बूथ स्तर की तैयारी महत्वपूर्ण होती है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता मतदाताओं से संपर्क बनाए रखे और मतदान के दिन उन्हें अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करें। पार्टी पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ चुनाव की रणनीति पर काम करें, जिससे अभियान को प्रभावी बनाया जा सके।

बैठक में विधान परिषद सदस्य अनूप गुप्ता, काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, जिला प्रभारी राकेश त्रिवेदी, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ल, राज्यसभा सदस्य राधाकांत ओझा, डॉ. वीके सिंह, विधायक दीपक पटेल, पीयूष रंजन निषाद, विवेक मिश्रा और पवन श्रीवास्तव सहित अन्य नेता उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 15 अक्टूबर को प्रयागराज आएंगे। इस दौरान वह इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने बताया कि सम्मेलन गुरुवार को दोपहर एक बजे गवर्नमेंट प्रेस मैदान में आयोजित होगा। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित पार्टी के जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

सम्मेलन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। विधान परिषद सदस्य अनूप गुप्ता और जिला प्रभारी राकेश त्रिवेदी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं, सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में सम्मेलन को सफल बनाने और स्नातक चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की गई। पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से सम्मेलन में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी मेहनत से जुटने की अपील की।

Exit mobile version