प्रयागराज, 24 नवंबर । सोशल मीडिया और नमो ऐप पर सक्रियता तथा प्रभावी संवाद के लिए पहचाने जाने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ता शिवाकांत शर्मा को पार्टी के काशी क्षेत्र सोशल मीडिया विभाग का सदस्य मनोनीत किया गया है। महानगर से इस महत्वपूर्ण पद पर उन्हें एकमात्र सदस्य के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उनके मनोनयन से भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल है।
संगठन के प्रति निष्ठा, डिजिटल माध्यमों पर सक्रिय भागीदारी और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने की उनकी कार्यशैली को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह दायित्व सौंपा है। उनके मनोनयन से काशी क्षेत्र में सोशल मीडिया के माध्यम से संगठन की गतिविधियों और सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर प्रयागराज महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, जिला सोशल मीडिया संयोजक सुजीत कुशवाहा, भाजपा मीडिया विभाग के विवेक मिश्रा, जिला आईटी संयोजक शुभम दुबे, आनंद दुबे, संतोष मिश्रा, ब्रह्मानंद, हनुमान पांडेय, आदित्य तिवारी, रमेश प्रजापति और रोहित साहू सहित अनेक कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने उन्हें मंगलवार को बधाई दी। सभी ने उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

