Site icon TIMES OF PEDIA

शाकाहार और नशामुक्ति से बेहतर समाज का संदेश

up-message-of-better-society

up-message-of-better-society

मीरजापुर, 27 सितंबर । उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में राजगढ़ ब्लॉक के पचोखरा स्थित शांति निकेतन इंटर कॉलेज के सरदार वल्लभभाई पटेल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में रविवार को जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था, मथुरा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत पंकज जी महाराज की 108 दिवसीय जनजागरण यात्रा पहुंची। 37वें पड़ाव पर बड़ी संख्या में लोगों ने पुष्पवर्षा और जयगुरुदेव के उद्घोष के साथ यात्रा का स्वागत किया।

सत्संग में पंकज महाराज ने शाकाहार, सदाचार और नशामुक्त जीवन का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गृहस्थ जीवन में मेहनत और ईमानदारी से जीविकोपार्जन करते हुए शराब समेत अन्य नशों से दूर रहना चाहिए। उन्होंने चरित्र को मानव जीवन की महत्वपूर्ण पूंजी बताते हुए अच्छे समाज के लिए सदाचार और आपसी सद्भाव पर जोर दिया।

उन्होंने संस्था की ओर से गांवों को शाकाहारी, सदाचारी और नशामुक्त बनाने के अभियान की जानकारी दी। सत्संग में साधना, सुमिरन और ध्यान की विधि समझाते हुए नियमित अभ्यास का आग्रह किया।

कार्यक्रम में शांति निकेतन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अनिल कुमार सिंह ने संत पंकज महाराज को फाइकस पांडा और इंसुलिन के पौधे भेंट किए। इसके बाद परिसर में इंसुलिन के पौधे का रोपण किया गया। आयोजक के अनुसार एक जुलाई 2015 से लगातार पौधरोपण किया जा रहा है और इस क्रम में यह 4105वां दिन रहा। पौधरोपण में संस्था के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेश पाल, राघवेंद्र चौहान, अनिल जैसल और प्रदीप सोनकर ने सहयोग किया।

Exit mobile version