फतेहपुर, 18 अगस्त । उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बीती रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया, जबकि भाग रहे दो अन्य बदमाशों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाश बकेवर और औंग थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी व अन्य कई मामलों में वांछित चल रहे थे।
बकेवर थाना पुलिस व क्राइम ब्रांच टीम की संयुक्त कार्रवाई में देवमई नहर पुलिया के पास बीती देर रातमुठभेड़ के दौरान रफीक पुत्र सफीक निवासी कछेवरा, थाना जहानाबाद के बाएं पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं नसीम पुत्र सत्तार उर्फ भुल्ली और जावेद पुत्र नफीस, दोनों निवासी तेजानगर थाना जहानाबाद, को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध 315 बोर तमंचे, दो खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस, सफेद रंग की बोलेरो कार, 12,500 रुपये नकद, लोहे की रॉड और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
बकेवर थानाध्यक्ष दिवाकर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश बकेवर व औंग थाना के अंतर्गत कई अपराधिक घटनाओं में वांछित चल रहे थे। फतेहपुर जिले समेत अन्य जनपदों में 15 से अधिक मुकदमों में वांछित होने की जानकारी मिली है। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों को जेल भेजने की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

