लखनऊ, 14 सितंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर प्रदेशवासियों के नाम पाती लिखी है। उन्होंने गणेश चतुर्थी की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा है ‘वोकल फॉर लोकल’ को केवल विचार नहीं, बल्कि व्यवहार का अंग बनाएं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पाती में कहा कि मेरे सम्मानित प्रदेशवासियों, सामाजिक एकता एवं राष्ट्र के प्रति अपने संकल्प को सुदृढ़ करने वाले महापर्व गणेश चतुर्थी की आप सभी को कोटि-कोटि मंगलकामनाएं।
उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव के ज्ञान, विवेक और कर्म की भावना सृजन तथा निर्माण के स्वरूप भगवान विश्वकर्मा के पूजन में दिखाई देती है। 17 सितंबर को जब सृष्टि के प्रथम अभियंता भगवान विश्वकर्मा का पूजन किया जाएगा, तब कौशल एवं तकनीक के संगम से नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहे विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण का संकल्प और पुष्ट होगा।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि मैं आप सभी से विशेष आग्रह करना चाहूंगा कि ‘वोकल फॉर लोकल’ को केवल विचार नहीं, बल्कि व्यवहार का अंग बनाएं। स्थानीय उत्पादों का सम्मान बढ़ेगा, तो कारीगरों के हाथों को काम, युवाओं को रोजगार के अवसर और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और हुनर तथा स्थानीय सामर्थ्य पर विश्वास से ही आत्मनिर्भर एवं विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा।

