Site icon TIMES OF PEDIA

वाराणसी में छह स्थायी मोटर ट्रेनिंग स्कूल लोगों को सिखा रहे वाहन चलाने का हुनर

up-car-training-school-vns-

up-car-training-school-vns-

वाराणसी, 05 नवम्बर (हि. स.)।उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर में चार पहिया वाहन चलाना सीखने के इच्छुक लोगों के लिए मोटर ट्रेनिंग स्कूल प्रशिक्षण का प्रमुख केंद्र बने हुए हैं। वाराणसी में वर्तमान में छह मोटर ट्रेनिंग स्कूल स्थायी रूप से लाइसेंस के साथ संचालित हो रहे हैं। इनमें ज्यादातर नदेसर और कैंटोनमेंट क्षेत्र में स्थित हैं। इन केंद्रों पर प्रशिक्षण लेकर लोग यातायात नियमों की जानकारी के साथ सड़क पर वाहन चलाने का हुनर सीख रहे हैं।

कैंटोनमेंट क्षेत्र स्थित श्री शारदा मोटर ट्रेनिंग स्कूल के सह प्रबंधक राम मनोहर द्विवेदी ने बताया कि नए व्यक्ति को कार चलाना सिखाने के लिए सामान्यतः एक महीने का प्रशिक्षण दिया जाता है। इसके लिए 3500 रुपये शुल्क निर्धारित है। प्रशिक्षणार्थियों को रविवार के साप्ताहिक अवकाश को छोड़कर प्रतिदिन स्कूल आना होता है। नियमित अभ्यास के माध्यम से उन्हें वाहन चलाने की बारीकियां सिखाई जाती हैं।

उन्होंने बताया कि श्री शारदा मोटर ट्रेनिंग स्कूल की स्थापना वर्ष 1948 में हुई थी। यह सरकार से मान्यता प्राप्त और पंजीकृत संस्था है। अब तक हजारों लोग यहां से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि यहां आरटीओ के निर्धारित नियमों का पालन करते हुए प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद लोगों को चार पहिया वाहन का वैध ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की सलाह भी दी जाती है।

वहीं, तेज सिंह मोटर ट्रेनिंग स्कूल और जय मोटर ट्रेनिंग स्कूल में भी सुबह के समय कार चलाना सीखने वालों की अच्छी उपस्थिति रहती है। प्रशिक्षण लेने पहुंचे शशि कुमार ने बताया कि वह प्रतिदिन सुबह आकर पूरी तन्मयता के साथ कार चलाना सीख रहे हैं। उनका उद्देश्य प्रशिक्षण पूरा करने के बाद आत्मविश्वास के साथ सड़कों पर वाहन चलाना है।

शहर में मोटर ट्रेनिंग स्कूलों के माध्यम से युवाओं और अन्य लोगों को वाहन चलाने का प्रशिक्षण मिल रहा है।

Exit mobile version