औरैया, 06 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बिधूना कोतवाली क्षेत्र में बिधूना-ऐरवा कटरा मार्ग पर रठगांव स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी।
बुधवार रात करीब 12 बजे एक बाइक पर सवार तीन युवकों को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी बिधूना पी. पुनीत मिश्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सड़क दुर्घटना प्रतीत हो रही है। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में जांच और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
बाद में मृतकों की पहचान ऐरवाकटरा थाना क्षेत्र के सराय कछवाहा गांव निवासी मोनू पुत्र प्रमोद, छोटू पुत्र सुरेश और हैप्पी के रूप में हुई। तीनों की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस ने बताया कि शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है तथा अज्ञात वाहन की पहचान कर उसके चालक के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।

