Site icon TIMES OF PEDIA

बदहाल सड़कों पर उक्रांद ने घेरा लोनिवि का कार्यालय, एक सप्ताह में मांगा जवाब

ukd-pwd-road-demand-poor

ukd-pwd-road-demand-poor

गोपेश्वर, 04 नवम्बर । चमोली जिले के देवाल, थराली और नारायणबगड़ ब्लाॅक में बदहाल एवं लंबित सड़कों को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता का घेराव किया। कार्यकर्ताओं ने निर्माणाधीन सड़कों की धीमी प्रगति और लंबित कार्यों पर नाराजगी जताते हुए विभाग से जवाब मांगा।

उक्रांद के जिलाध्यक्ष जमन सिंह ने अधिशासी अभियंता के समक्ष तीनों ब्लाॅक की सड़कों का मामला उठाते हुए कहा कि कई सड़कें लंबे समय से अधूरी पड़ी हैं, जबकि निर्माणाधीन सड़कों की प्रगति भी संतोषजनक नहीं है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुविधा बदहाल होने से लोगों को रोजमर्रा के कामों के साथ ही मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

दल ने विभाग से सभी लंबित और निर्माणाधीन सड़कों की वर्तमान स्थिति, निर्माण कार्यों की प्रगति तथा लंबित प्रक्रियाओं का पूरा ब्योरा एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही बदहाल सड़कों का रोस्टर तैयार कर स्थलीय निरीक्षण करने और निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा।

उक्रांद पदाधिकारियों के अनुसार अधिशासी अभियंता ने एक सप्ताह के भीतर मांगी गई जानकारी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। दल ने चेतावनी दी कि क्षेत्र की सड़कों की समस्याओं को लेकर संघर्ष जारी रहेगा और विभाग की कार्यप्रणाली पर लगातार नजर रखी जाएगी।

इस दौरान उक्रांद के सांगठनिक जिलाध्यक्ष जमन सिंह मनिषा, कार्यकारिणी अध्यक्ष दर्शन शाह, दर्शन रावत, माही चमोला, प्रेमबल्लभ देवराडी, प्रकाश राम, सुंदर गोस्वामी आदि मौजूद थे।

Exit mobile version