हरिद्वार, 24 सितंबर । खेल महाकुंभ-2026 के अंतर्गत आयोजित मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी राज्य स्तरीय हॉकी खेल प्रतियोगिता के तीसरे दिन हरिद्वार के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बालिका वर्ग के साथ ही ओपन वर्ग में भी जीत दर्ज की।
बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में अंडर-19 में हरिद्वार ने टिहरी को 2-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं अंडर-19 हाईलैंड बालिका पौड़ी ने चम्पावत को 4-2 से पराजित किया। अंडर-14 वर्ग में हरिद्वार ने नैनीताल को 4-1 से हराकर जीत दर्ज की।
ओपन वर्ग (अंडर-25) के फाइनल में हरिद्वार ने पिथौरागढ़ को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से हराया। वहीं हाईलैंड मैच में नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें ऊधमसिंह नगर ने 5-0 से जीत दर्ज की।
बालक वर्ग में अंडर-14 के मुकाबले में अल्मोड़ा ने पौड़ी को 4-0, पिथौरागढ़ ने टिहरी को 2-0 तथा अंडर-19 में रुद्रप्रयाग ने पौड़ी को 8-0 से पराजित किया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी, अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी मनीषा चौहान, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद्र, जिला क्रीड़ाधिकारी रविंद्र भंडारी सहित खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक और खिलाड़ी मौजूद रहे।

