Site icon TIMES OF PEDIA

सहसपुर में 2,500 महिलाओं के लिए सामान्य सुविधा केंद्र शुरू

uk-common-facility-centre-laun

uk-common-facility-centre-laun

देहरादून, 15 सितंबर । सहसपुर विकासखंड के शंकरपुर में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को सामूहिक उत्पादन और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए सामान्य सुविधा केंद्र का मंगलवार को शुभारंभ किया गया। केंद्र से 223 स्वयं सहायता समूहों की करीब 2,500 महिलाओं को लाभ मिलेगा।

कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने केंद्र का शुभारंभ किया। इस मौके पर सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर भी मौजूद रहे। जिला प्रशासन की पहल पर पुनर्जीवित किए गए केंद्र का संचालन आस्था क्लस्टर लेवल फेडरेशन कर रहा है।

केंद्र में महिलाएं सिलाई, जूट बैग और कपड़े की थैलियों का निर्माण करेंगी। मंत्री ने कहा कि पर्यावरण अनुकूल उत्पादों के निर्माण के साथ यह पहल महिलाओं की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में मदद करेगी।

मंत्री चौधरी ने कहा कि खादी ग्रामोद्योग के पुराने भवन को जिला प्रशासन ने विभिन्न विभागों के समन्वय से पुनर्जीवित कर उत्पादन इकाई के रूप में विकसित किया है। उन्होंने कहा कि इस मॉडल को देहरादून तक सीमित नहीं रखा जाएगा और अन्य जिलों में भी ऐसी इकाइयां स्थापित करने की दिशा में काम किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब सवा पांच लाख महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं, जिनमें तीन लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। शेष महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए भी योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है।

मंत्री ने बताया कि महिला समूहों को तकनीकी प्रशिक्षण, उद्यमिता विकास और बाजार से जोड़ने के लिए आईआईएम काशीपुर के साथ एमओयू किया गया है। भविष्य में केंद्र में विद्यालयी बच्चों की यूनिफॉर्म तथा पुलिस, होमगार्ड और पीआरडी जवानों की वर्दियां तैयार करने की संभावनाओं पर भी काम किया जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने कहा कि केंद्र कई वर्षों से बंद था। मशीनें उपलब्ध कराकर और संबंधित विभागों के कन्वर्जेंस से इसे समेकित उत्पादन इकाई के रूप में विकसित किया गया है। जिला प्रशासन महिलाओं को प्रशिक्षण, उत्पादन, पैकेजिंग और बाजार उपलब्ध कराने में सहयोग करेगा।

————

Exit mobile version