देहरादून, 08 अक्टूबर । उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सह-प्रभारी एवं सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और बूथ स्तर पर मजबूत उपस्थिति से होती है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन को मजबूत करने के साथ निरंतर जनसंपर्क और जनसेवा में जुटना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बांसुरी स्वराज ने यह बातें गुरुवार को यहां भाजपा महानगर कार्यालय में अपने प्रथम देहरादून आगमन पर आयोजित स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम में कही। महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर बांसुरी स्वराज ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक विषयों, जनहित से जुड़े मुद्दों और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की मूल शक्ति हैं। बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच निरंतर संवाद बनाए रखने तथा सेवा, समर्पण और संगठन की भावना के साथ जनसेवा में जुटे रहने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन की मजबूती के लिए सक्रिय भूमिका निभानी होगी। बूथ स्तर पर संगठन की प्रभावी उपस्थिति, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय और निरंतर जनसंपर्क को और मजबूत करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मंत्र के साथ काम करने का आह्वान किया।
महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि बांसुरी स्वराज का देहरादून महानगर में प्रथम आगमन प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए उत्साह और प्रेरणा का अवसर है। उनके मार्गदर्शन से महानगर संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन समर्पित और अनुशासित कार्यकर्ताओं के बल पर निरंतर मजबूत हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने में पार्टी कार्यकर्ता महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए महानगर संगठन बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने और प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका से जोड़ने के लिए काम कर रहा है।
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज, कैबिनेट मंत्री एवं मसूरी विधायक गणेश जोशी, कैबिनेट मंत्री एवं राजपुर विधायक खजान दास, विधायक धर्मपुर विनोद चमोली, विधायक रायपुर उमेश शर्मा ‘काऊ’, विधायक कैंट सविता कपूर, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं महानगर प्रभारी राकेश गिरी, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल, पूर्व महानगर अध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सीताराम भट्ट, पूर्व महानगर अध्यक्ष एवं प्रदेश प्रवक्ता विनय गोयल, प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक और कमलेश रमन समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

