Site icon TIMES OF PEDIA

मेला अस्पताल की इमरजेंसी में तोड़फोड़, मारपीट और हंगामा, चार आरोपित गिरफ्तार

uk-arrested-vandalism-hospital

uk-arrested-vandalism-hospital

हरिद्वार, 25 सितंबर । जिला चिकित्सालय मेला अस्पताल के एमरजेंसी कक्ष में तोड़फोड़, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपितों तक पहुंच बनाई। पूछताछ में सामने आया कि दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद अस्पताल में तोड़फोड़ की गई थी।

पुलिस के मुताबिक, 20 सितंबर को मेला अस्पताल के आकस्मिक कक्ष में कुछ लोगों ने हंगामा करते हुए तोड़फोड़ और मारपीट की थी। मामले में उप जिला मेला चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. दीपक पांडे ने 21 सितंबर को कोतवाली नगर में तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी।

एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया।

पुलिस ने सुरागरसी-पतारसी के आधार पर 25 सितंबर को अमन उर्फ टांका (26), निवासी वाल्मीकि बस्ती बिल्केश्वर रोड, तुषार (23), निवासी रेलवे कॉलोनी, राहुल बोरा उर्फ चंपा (24), निवासी चंपावत, हाल निवासी वाल्मीकि बस्ती मेला हरिद्वार और अंकित (29), निवासी वाल्मीकि बस्ती मेला अस्पताल हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि अनुज चौटाला और मनीष के बीच हुए विवाद के बाद अनुज चौटाला के कहने पर अस्पताल में तोड़फोड़ की गई थी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उनका चालान कर दिया है।

Exit mobile version