जयपुर, 10 अक्टूबर । आमेर स्थित शिला माता मंदिर में 11 से 20 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले शारदीय नवरात्र मेले और रविवार को चारदीवारी में निकलने वाली अग्रसेन जयंती शोभायात्रा को लेकर यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है।
डीसीपी ट्रैफिक प्रवीण एन. नुनावथ के अनुसार मेले के दौरान आमेर रोड पर यातायात का दबाव बढ़ने पर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। वहीं, शोभायात्रा के मद्देनजर अग्रवाल सेवा सदन से अग्रवाल कॉलेज तक दोपहर 3 बजे से वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी।
आमेर में यातायात का दबाव अधिक होने पर रामगढ़ मोड़ से आने वाले वाहनों को धोबीघाट, बांध की घाटी और सड़वा मोड़ होकर निकाला जाएगा। आमेर तिराहे से गांधी चौक की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। आमेर से जयपुर शहर आने वाले वाहन आमेर तिराहा, दिल्ली रोड, गलता गेट चौराहा और ट्रांसपोर्ट नगर चौराहे होकर आ सकेंगे। जयगढ़ टी-पॉइंट से रामगढ़ मोड़ की ओर यातायात बंद रहेगा और वाहनों को आमेर की तरफ संचालित किया जाएगा। दिल्ली रोड से आमेर जाने वाले वाहन आमेर तिराहा, धोबीघाट चौराहा और रामगढ़ मोड़ होकर जा सकेंगे। आवश्यकता पड़ने पर रामगढ़ मोड़ से आमेर जाने वाली बसों और मिनी बसों को धोबीघाट से दिल्ली बाईपास की ओर तथा आमेर से आने वाली बसों को धोबीघाट होकर रामगढ़ मोड़ की तरफ निकाला जाएगा। पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की अपील की है।
महाराजा अग्रसेन जयंती पर रविवार शाम 4 बजे शोभायात्रा अग्रवाल सेवा सदन से रवाना होकर चांदपोल बाजार, छोटी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार और सांगानेरी गेट होते हुए अग्रवाल कॉलेज पहुंचेगी। शोभायात्रा मार्ग पर दोपहर 3 बजे से सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। इस मार्ग पर चलने वाली सिटी और मिनी बसों को समानांतर रास्तों से निकाला जाएगा।
शोभायात्रा रवाना होने से पहले संजय सर्किल से छोटी चौपड़ की ओर आने वाले यातायात को डायवर्ट किया जाएगा। छोटी चौपड़ पहुंचने से पहले अजमेरी गेट, चौगान चौराहा और त्रिपोलिया टी-पॉइंट से आने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा। शोभायात्रा के त्रिपोलिया गेट पहुंचने पर बड़ी चौपड़ और रामनिवास बाग चौराहे (चौड़ा रास्ता) से त्रिपोलिया बाजार में वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। सांगानेरी गेट, रामगंज चौपड़ और सुभाष चौक की ओर से बड़ी चौपड़ आने वाले वाहनों को भी समानांतर मार्गों से निकाला जाएगा।
अजमेरी गेट की ओर जाने वाले वाहनों को यादगार तिराहे से निकाला जाएगा। टोंक रोड से आने वाले वाहनों के लिए मानप्रकाश स्लिप लाइन और चौड़ा रास्ता से आने वाले यातायात के लिए रामनिवास बाग के अंदर का मार्ग निर्धारित किया गया है। टीपी नगर से आने वाले वाहन गुरुद्वारा मोड़, घाटगेट, सोफिया स्कूल और घाट बाजार होकर निकल सकेंगे। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों का उपयोग करने और पुलिसकर्मियों के निर्देशों की पालना करने की अपील की है।

