नई दिल्ली, 19 नवंबर । घरेलू शेयर बाजार आज शुरुआती कारोबार के दौरान बड़ी गिरावट का सामना करने के बाद शानदार रिकवरी करता हुआ नजर आ रहा है। कमजोर वैश्विक संकेतों और आईटी शेयरों में बिकवाली के दबाव के चलते बाजार ने आज सुबह मिली-जुली शुरुआत की थी। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी 50 दोनों सूचकांक बिकवाली के दबाव में गिरते चले गए, लेकिन निचले स्तर पर ऑटोमोबाइल, बैंकिंग और कैपिटल गुड्स शेयरों में जोरदार लिवाली शुरू हो जाने से दोनों प्रमुख सूचकांकों ने जल्द ही अपनी कमजोरी को दूर कर लिया और हरे निशान में आ गए। सुबह 10:30 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.16 प्रतिशत और निफ्टी 50 सूचकांक 0.13 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स आज पिछले बंद भाव 82,031.81 अंक के मुकाबले 42.35 अंक यानी 0.05 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 82,074.16 अंक के स्तर पर खुला था। शुरुआती मिनटों में बिकवाली बढ़ने से यह फिसल कर 81,698.63 अंक के निचले स्तर तक चला गया था। हालांकि, बाद में खरीदारों के हावी होने से सेंसेक्स ने शानदार वापसी की और थोड़ी देर में ही हरे निशान में जगह बनाने में सफल हो गया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10:30 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 132.14 अंक यानी 0.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ 82,163.95 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी 50 सूचकांक में भी आज सुबह उतार-चढ़ाव के बाद मजबूत सुधार होता हुआ नजर आ रहा है। निफ्टी 50 पिछले बंद भाव 25,227.95 अंक की तुलना में 41.15 अंक यानी 0.16 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 25,186.80 अंक के स्तर पर खुला था। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण ये सूचकांक टूट कर एक समय 25,104.80 अंक तक फिसल गया था। हालांकि पहले 15 मिनट के कारोबार के बाद ही निचले स्तर पर खरीदारी शुरू हो जाने से इस सूचकांक ने जल्दी ही हरे निशान में अपनी जगह बना ली। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10:30 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 50 सूचकांक 31.75 अंक यानी 0.13 प्रतिशत मजबूत होकर 25,259.70 अंक के स्तर पर ट्रेड कर रहा था।
सेक्टोरल मोर्चे पर आज ऑटोमोबाइल और बैंकिंग शेयरों में सबसे ज्यादा चमक दिखाई दे रही है। निफ्टी ऑटो इंडेक्स 2.50 प्रतिशत से अधिक की जोरदार तेजी के साथ कारोबार कर रहा है, जबकि कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, एफएमसीजी और बैंकिंग इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बने हुए हैं। दूसरी ओर, सूचना प्रौद्योगिकी यानी आईटी और हेल्थकेयर सेक्टर के शेयरों पर आज सुबह भारी दबाव बना हुआ है। इस दबाव की वजह से निफ्टी आईटी इंडेक्स 2 प्रतिशत से ज्यादा टूट कर कारोबार कर रहा है।
बाजार के एडवांस-डिक्लाइन आंकड़ों की बात करें तो आज निचले स्तरों से आई रिकवरी के बाद खरीदार हावी नजर आ रहे हैं। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर कारोबार करने वाले शेयरों में से 1,902 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में कामकाज कर रहे हैं, जबकि 1,417 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई है और 210 शेयर बिना किसी बदलाव के स्थिर बने हुए हैं।
दिग्गज शेयरों की स्थिति पर नजर डालें तो आज सुबह निफ्टी के टॉप 5 गेनर्स की सूची में मारुति सुजुकी इंडिया 5.42 प्रतिशत की जोरदार बढ़त के साथ 13,317 रुपये के भाव पर कारोबार करते हुए सबसे आगे बना हुआ है। इसके बाद टीएमपीवी 3.80 प्रतिशत उछल कर 262.15 रुपये, महिंद्रा एंड महिंद्रा 3.22 प्रतिशत की तेजी के साथ 3,467.30 रुपये, आयशर मोटर्स 2.75 प्रतिशत की मजबूती के साथ 7,912 रुपये और इंटरग्लोब एविएशन 1.89 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,603 रुपये के स्तर पर हरे निशान में कामकाज कर रहे हैं।
दूसरी ओर, बिकवाली के दबाव में फंसे निफ्टी के टॉप 5 लूजर्स में इंफोसिस 2.76 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,078.20 रुपये के भाव पर सबसे आगे चल रहा है। इसके साथ ही टेक महिंद्रा 2.57 प्रतिशत टूट कर 1,705.10 रुपये, एचसीएल टेक्नोलॉजीज 2.31 प्रतिशत की कमजोरी दिखाते हुए 1,313.70 रुपये, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज 1.63 प्रतिशत की मंदी के साथ 2,340.70 रुपये और इटरनल 1.15 प्रतिशत की गिरावट के साथ 361.80 रुपये के स्तर पर लाल निशान में बने हुए हैं।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स 50.38 अंक यानी 0.61 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 82,031.81 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 159.45 अंक यानी 0.63 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,227.95 अंक के स्तर पर बुधवार के कारोबार का अंत किया था

