नई दिल्ली, 16 नवंबर । अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने जय शाह को लगातार दूसरी बार अपना अध्यक्ष नियुक्त किया है। बाली में हुई आईसीसी बोर्ड की बैठकों के दौरान निदेशकों के प्रस्ताव के बाद शाह को निर्विरोध दूसरे कार्यकाल के लिए चुना गया। इस फैसले से वैश्विक क्रिकेट के नेतृत्व में निरंतरता बनी रहेगी।
आईसीसी बोर्ड का यह निर्णय शाह के नेतृत्व में उसके भरोसे को दर्शाता है। क्रिकेट के वैश्विक विस्तार, प्रशंसकों की संख्या बढ़ाने और व्यावसायिक विकास के लिहाज से यह खेल के लिए महत्वपूर्ण दौर है। क्रिकेट लॉस एंजिलिस ओलंपिक-2028 में वापसी की तैयारी कर रहा है। इसके साथ ही आईसीसी ने प्रतियोगिताओं के लिए दीर्घकालिक कार्यक्रम का विस्तार भी घोषित किया है, जिससे अधिक खिलाड़ियों को भागीदारी और विकास के अवसर मिल सकेंगे।
बोर्ड ने क्रिकेट की बुनियाद मजबूत करने, महिला क्रिकेट के विकास को समर्थन देने, एसोसिएट सदस्यों के लिए अवसर बढ़ाने, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की विश्वसनीयता बनाए रखने और खेल के दीर्घकालिक भविष्य के लिए टिकाऊ व्यावसायिक अवसर विकसित करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
दूसरे कार्यकाल के लिए नियुक्त होने पर जय शाह ने आईसीसी के हवाले से कहा, “आईसीसी बोर्ड ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उससे मैं बेहद सम्मानित महसूस कर रहा हूं। सभी निदेशकों के निरंतर विश्वास और समर्थन के लिए मैं उनका दिल से आभार व्यक्त करता हूं। आईसीसी अध्यक्ष के रूप में काम करना मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। मैं दुनिया भर में क्रिकेट के हितों को आगे बढ़ाने के लिए अपने सदस्यों के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।”
उन्होंने कहा, “हम अपने खेल के इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण और रोमांचक दौर में प्रवेश कर रहे हैं। लॉस एंजिलिस ओलंपिक-2028 में क्रिकेट की वापसी हमारे खेल को नए दर्शकों तक पहुंचाने और खिलाड़ियों तथा प्रशंसकों की नई पीढ़ी को प्रेरित करने का असाधारण अवसर है।”
शाह ने कहा, “हमारी जिम्मेदारी केवल सफल प्रतियोगिताओं के आयोजन तक सीमित नहीं है। हमें प्रशंसकों, खिलाड़ियों, व्यावसायिक साझेदारों और अन्य प्रमुख हितधारकों को ध्यान में रखते हुए खेल के लिए अधिक मजबूत और टिकाऊ भविष्य तैयार करना होगा। मेरा हमेशा से मानना रहा है कि लोगों को एकजुट करने की क्षमता ही क्रिकेट की सबसे बड़ी ताकत है। बोर्ड और अपने सदस्यों के समर्थन से हमारा ध्यान अपनी महत्वाकांक्षाओं को ठोस कदमों में बदलने और ऐसी प्रगति सुनिश्चित करने पर होगा, जिसका लाभ आने वाली पीढ़ियों को भी मिले।”
इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष रिचर्ड थॉम्पसन ने शाह की पुनर्नियुक्ति पर बधाई देते हुए कहा, “जय का नेतृत्व ऐसे समय में जारी रहेगा, जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट एक महत्वपूर्ण दौर से गुजर रहा है। खेल तेजी से बदल रहा है। ऐसे में यह जरूरी है कि हम अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम को मजबूत करें, द्विपक्षीय क्रिकेट की प्रासंगिकता और प्रतिस्पर्धात्मकता बनाए रखें तथा बड़ी प्रतियोगिताओं को खेल के भविष्य के केंद्र में रखें।”
उन्होंने कहा, “आने वाले वर्षों में क्रिकेट की परंपराओं और नवाचार, नए दर्शकों तथा बदलते व्यावसायिक परिदृश्य से मिलने वाले अवसरों के बीच संतुलन बनाना महत्वपूर्ण होगा। आईसीसी की भूमिका सदस्यों को एक साथ लाकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के भविष्य की दिशा तय करने और इसे टिकाऊ बनाने में अहम है। मैं जय को उनकी पुनर्नियुक्ति पर बधाई देता हूं और खेल के इस महत्वपूर्ण अगले चरण में उनके तथा अन्य सदस्यों के साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं।”
आईसीसी की स्वतंत्र निदेशक डॉ. रॉस रिवाज ने कहा, “मैं जय को आईसीसी अध्यक्ष के रूप में फिर से नियुक्त होने पर बधाई देती हूं। उनका नेतृत्व महिला क्रिकेट के विकास को और मजबूत करने तथा इसे आईसीसी के दीर्घकालिक दृष्टिकोण का केंद्रीय हिस्सा बनाए रखने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है।”
उन्होंने कहा, “महिला क्रिकेट को दुनिया भर में लगातार गति मिल रही है, लेकिन हमें उन खिलाड़ियों के प्रति अपनी जिम्मेदारी भी समझनी होगी, जिनके खेलने के अवसर बाधित हुए हैं। जय के नेतृत्व में हर क्षेत्र में महिला क्रिकेटरों को समर्थन देने के प्रयासों को भी स्वीकार करना चाहिए। इस प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाना और महिलाओं के लिए खेल से जुड़े रहने तथा प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के नए रास्ते तैयार करना जरूरी है।”
आईसीसी के उपाध्यक्ष एवं जिम्बाब्वे क्रिकेट के अध्यक्ष तवेंग्वा मुकुहलानी ने कहा, “जय ने मजबूत नेतृत्व क्षमता दिखाई है और क्रिकेट के भविष्य के लिए साझा दृष्टिकोण पर सभी सदस्यों को एकजुट करने की स्पष्ट प्रतिबद्धता प्रदर्शित की है। उनका दृष्टिकोण इस बात को मान्यता देता है कि हमारे खेल की ताकत सभी सदस्यों के सामूहिक योगदान में है। आईसीसी के फैसले वैश्विक क्रिकेट के हित में होने चाहिए।”
उन्होंने कहा, “अफ्रीका के एक सदस्य के रूप में मैं आने वाले अवसरों को लेकर विशेष रूप से उत्साहित हूं। 2027 में होने वाला आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप इस महाद्वीप में नए दर्शकों तक खेल को पहुंचाएगा। यह अफ्रीकी क्रिकेट के लिए महत्वपूर्ण अवसर है, जो इस क्षेत्र में खेल के विकास पर लंबे समय तक प्रभाव डाल सकता है।”
न्यूजीलैंड क्रिकेट के निदेशक रोजर ट्वोस ने कहा, “जय की पुनर्नियुक्ति अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए महत्वपूर्ण समय में निरंतरता और नेतृत्व प्रदान करेगी। खेल का भविष्य इस बात पर निर्भर करेगा कि सदस्य सामूहिक रूप से कितना काम करते हैं, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कितना मजबूत बनाते हैं और सभी प्रारूपों तथा बाजारों में खेल की लोकप्रियता कैसे बरकरार रखते हैं।”
उन्होंने कहा, “न्यूजीलैंड हमेशा से मजबूत और टिकाऊ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट व्यवस्था के महत्व को समझता रहा है। लॉस एंजिलिस ओलंपिक-2028 में क्रिकेट की वापसी सहित आने वाली बड़ी प्रतियोगिताओं को देखते हुए हमें खेल के वैश्विक विकास की गति को आगे बढ़ाना होगा और साथ ही उन परंपराओं तथा विशेषताओं को भी सुरक्षित रखना होगा, जो क्रिकेट को खास बनाती हैं।”
आईसीसी एसोसिएट सदस्य अध्यक्ष गुरुमूर्ति पलानी ने कहा, “क्रिकेट को वास्तव में वैश्विक खेल बनाने के लिए विकास के हर चरण में सदस्यों को सार्थक अवसर देना जरूरी है। एसोसिएट सदस्यों के लिए इसका मतलब उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं तक बेहतर पहुंच, विकास के मजबूत रास्ते और टिकाऊ क्रिकेट ढांचे तैयार करने के लिए जरूरी निवेश है। मैं जय शाह को उनके नए कार्यकाल के लिए बधाई देता हूं और उम्मीद करता हूं कि उनके तथा बोर्ड के साथ मिलकर क्रिकेट के वैश्विक विस्तार को सभी सदस्यों के लिए वास्तविक अवसरों में बदलने की दिशा में काम करेंगे।”

