Site icon TIMES OF PEDIA

एशियाई खेल क्रिकेट : अफगानिस्तान ने जापान को 48 रन से हराकर जीत से खोला खाता

sports-cricket-asian-games-afghanistan-beat-japan

sports-cricket-asian-games-afghanistan-beat-japan

निसिन, 24 सितंबर । अफगानिस्तान ने गुरुवार को एशियाई खेल 2026 में पुरुष क्रिकेट के अपने पहले मुकाबले में मेजबान जापान को 48 रन से हराकर शानदार शुरुआत की। कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए ग्रुप-ए के मुकाबले में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 129/6 रन बनाए, जिसके जवाब में जापान की टीम 19.3 ओवर में 81 रन पर सिमट गई।

अफगानिस्तान की जीत में पदार्पण कर रहे लेग स्पिनर अरब गुल मोमंद ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 8 रन देकर चार विकेट झटके। उनके अलावा बाएं हाथ के स्पिनर नांगेयालिया खारोटी ने तीन विकेट लिए, जबकि अब्दुल्ला अहमदजई और नजीबुल्लाह जादरान ने भी विकेट हासिल किए।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। हसन ईसाखिल 10 गेंदों में तीन रन बनाकर आउट हुए।

पदार्पण कर रहे सलामी बल्लेबाज मोहम्मद अकरम ने 29 गेंदों में 34 रन बनाकर पारी को संभाला। एक समय अफगानिस्तान का स्कोर 15.1 ओवर में 79/4 था।

इसके बाद कप्तान दरवेश रसूली और विकेटकीपर मोहम्मद इशाक ने तेजी से रन जुटाए। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए सिर्फ 25 गेंदों में 44 रन की साझेदारी की। रसूली ने 27 गेंदों में 29 और इशाक ने 17 गेंदों में 25 रन बनाए, जिससे अफगानिस्तान 20 ओवर में 129/6 तक पहुंच गया। जापान के लिए इब्राहिम ताकाहाशी और शोमा सुगाया-स्लेटर ने दो-दो विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरे जापान को शुरुआती झटका पहले ही ओवर में लगा, जब अब्दुल्ला अहमदजई ने लाचलान यामामोटो-लेक को खाता खोले बिना पवेलियन भेज दिया। हालांकि रियो सकुरानो-थॉमस ने 23, केंडल कडोवाकी-फ्लेमिंग ने 14 और बेंजामिन इटो-डेविस ने 17 रन बनाकर जापान को मुकाबले में बनाए रखा।

जापान का स्कोर एक समय 7.3 ओवर में 53/1 था और उसे 75 गेंदों में 77 रन की जरूरत थी।

इसके बाद अफगानिस्तानी स्पिनरों ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। नांगेयालिया खारोटी और नजीबुल्लाह जादरान ने विकेट निकाले, जबकि अरब गुल मोमंद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटक लिए।

60/3 के स्कोर के बाद जापान ने बिना कोई रन जोड़े तीन विकेट गंवा दिए और देखते ही देखते उसका स्कोर 63/8 हो गया। अरब गुल ने दो मेडन ओवरों में दो-दो विकेट लेकर जापान की पारी की कमर तोड़ दी। अंत में अब्दुल्ला अहमदजई और खारोटी ने आखिरी दो विकेट लेकर जापान की पारी 81 रन पर समेट दी।

इस जीत के साथ अफगानिस्तान ने टूर्नामेंट में जीत से शुरुआत की है। ग्रुप-ए में अफगानिस्तान और जापान के अलावा नेपाल की टीम है। ग्रुप की शीर्ष दो टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी।

संक्षिप्त स्कोर:

अफगानिस्तान: 129/6 (मोहम्मद अकरम 34, दरवेश रसूली 29; इब्राहिम ताकाहाशी 2/19, शोमा सुगाया-स्लेटर 2/18) ने जापान: 81 (रियो सकुरानो-थॉमस 23, बेंजामिन इटो-डेविस 17; अरब गुल मोमंद 4/8, नांगेयालिया खारोटी 3/19) को 48 रन से हराया।

Exit mobile version