Site icon TIMES OF PEDIA

चाइना मास्टर्स: किदांबी श्रीकांत क्वार्टर फाइनल में हारे, ली चियुक यिउ ने सीधे गेमों में दी मात

sports-badminton-china-masters-srikanth

sports-badminton-china-masters-srikanth

भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत का चाइना मास्टर्स 2026 में सफर क्वार्टर फाइनल में समाप्त हो गया। श्रीकांत को शुक्रवार को शेनझेन एरेना में हांगकांग के ली चियुक यिउ के खिलाफ 16-21, 16-21 से हार का सामना करना पड़ा।

श्रीकांत ने पहले गेम की शुरुआत लगातार दो अंक हासिल करके की, लेकिन ली चियुक यिउ ने जल्द ही वापसी करते हुए मुकाबले पर नियंत्रण बना लिया। हांगकांग के खिलाड़ी ने अपनी बढ़त कायम रखी और भारतीय खिलाड़ी की देर से की गई वापसी की कोशिशों के बावजूद पहला गेम 21-16 से अपने नाम किया।

दूसरे गेम में भी ली चियुक यिउ ने बेहतर नियंत्रण बनाए रखा और 21-16 से जीत दर्ज कर मुकाबला सीधे गेमों में अपने नाम कर लिया।

इस हार के साथ ली चियुक यिउ के खिलाफ श्रीकांत का खराब रिकॉर्ड और बढ़ गया। भारतीय खिलाड़ी को हांगकांग के इस शटलर के खिलाफ लगातार चौथी हार मिली है। दोनों के बीच अब तक हुई भिड़ंत में श्रीकांत की एकमात्र जीत 2018 इंडिया ओपन के पहले दौर में आई थी।

श्रीकांत ने इससे पहले अंतिम-8 में पहुंचने के लिए पिछले दौर में विश्व नंबर-9 विक्टर लाई को सीधे गेमों में हराया था। उन्होंने टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में चीनी ताइपे के विश्व नंबर-21 ची यू-जेन को 35 मिनट में 21-16, 21-15 से मात दी थी।

हालांकि क्वार्टर फाइनल में हार के साथ श्रीकांत का अभियान समाप्त हो गया, लेकिन चाइना मास्टर्स में उनका प्रदर्शन महत्वपूर्ण रहा। यह तीन साल में पहली बार था जब श्रीकांत बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर सुपर 750 या उससे बड़े स्तर के टूर्नामेंट में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे।

Exit mobile version