Site icon TIMES OF PEDIA

मोना अग्रवाल ने विश्व रिकॉर्ड के साथ जीता दूसरा स्वर्ण पदक, अवनी चौथे स्थान पर

sports-apg2026-shooting-mona-gold-world-record

sports-apg2026-shooting-mona-gold-world-record

आइची-नागोया, 23 अक्टूबर । भारत की पैरा निशानेबाज मोना अग्रवाल ने पैरा एशियाई खेल-2026 में शुक्रवार को दूसरा स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। एक अन्य भारतीय अवनि लेखरा चौथे स्थान पर रहीं।

उन्होंने महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन एसएच-1 स्पर्धा के फाइनल में 357.5 अंक हासिल कर विश्व रिकॉर्ड बनाया। चीन की झांग कुइपिंग 353.7 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहीं और रजत पदक जीता। दक्षिण कोरिया की किम मियॉन्ग ने 344.4 अंक के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

मोना ने स्वर्ण पदक जीतने के लिए चीन की झांग पर 3.8 अंक की बढ़त बनाई। इससे पहले वह खेलों के शुरुआती दिन महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच-1 स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। उस स्पर्धा में उन्होंने 250 अंक हासिल कर एशियाई पैरा खेलों का रिकॉर्ड बनाया था और 2023 में हांगझोऊ में अवनी लेखरा के 249.6 अंक के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा था।

इस स्पर्धा के फाइनल में भाग लेने वाली दूसरी भारतीय निशानेबाज अवनी लेखरा चौथे स्थान पर रहीं। वह प्रोन पोजिशन के बाद शीर्ष दो खिलाड़ियों में शामिल थीं, लेकिन स्टैंडिंग सीरीज में पिछड़ने के कारण पदक से चूक गईं।

मोना की इस उपलब्धि से पैरा एशियाई खेलों में भारत के पदक अभियान को मजबूती मिली है। शुरुआती दिन 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच-1 स्पर्धा में मोना और अवनी ने पहला और दूसरा स्थान हासिल कर भारत को दोहरी सफलता दिलाई थी।

Exit mobile version