Site icon TIMES OF PEDIA

कनिष्ठ सहायक भर्ती में 50 अभ्यर्थियों का चयन, आयोग ने जारी किया परिणाम

selected-junior-assistant-post

selected-junior-assistant-post

लखनऊ, 21 अगस्त । उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने औद्योगिक विकास विभाग में कनिष्ठ सहायक के पदों पर भर्ती का चयन परिणाम जारी कर दिया है। शुक्रवार को कनिष्ठ सहायक मुख्य परीक्षा के आधार पर घोषित परिणाम में 50 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। भर्ती प्रक्रिया में निर्धारित नियमों, मेरिट और आरक्षण प्रावधानों का पालन किया गया है। इससे प्रदेश में योगी सरकार की पारदर्शी और मेरिट आधारित भर्ती व्यवस्था को एक और मजबूती मिली है।

आयोग के अनुसार, प्रारंभ में कनिष्ठ सहायक के 62 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। विभाग से प्राप्त संशोधित अधियाचन के बाद पदों की संख्या घटाकर 54 कर दी गई। संशोधित पदों के आधार पर आयोग ने चयन प्रक्रिया पूरी करते हुए 50 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया है।

आरक्षण नियमों के अनुरूप हुआ चय

अंतिम चयनित 50 अभ्यर्थियों में 34 अनारक्षित, 3 अनुसूचित जाति, 1 अनुसूचित जनजाति, 7 अन्य पिछड़ा वर्ग और 5 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अभ्यर्थी शामिल हैं। आयोग ने स्पष्ट किया कि क्षैतिज आरक्षण के तहत उपलब्ध अभ्यर्थियों को उनकी मूल श्रेणी में समायोजित किया गया है। महिला, दिव्यांगजन सहित अन्य क्षैतिज आरक्षण श्रेणियों में भी नियमानुसार प्रक्रिया अपनाई गई। कुछ श्रेणियों में निर्धारित पदों के सापेक्ष पात्र अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने पर नियमों के अनुसार पदों को आगे बढ़ाते हुए अन्य पात्र अभ्यर्थियों का चयन किया गया।

कटऑफ जारी, चयन का आधार स्पष्ट

आयोग ने अंतिम परिणाम के साथ श्रेणीवार कटऑफ भी जारी की है। अनारक्षित वर्ग में चयनित अभ्यर्थी की कटऑफ 65 अंक रही। अनुसूचित जाति की कटऑफ 26.75, अनुसूचित जनजाति की 50, ओबीसी की 62.50 और ईडब्ल्यूएस की कटऑफ 63.75 अंक रही। क्षैतिज आरक्षण में दिव्यांगजन की एएसडी/एचएच/डीई/ओएच श्रेणी की कटऑफ 54.75 और दिव्यांगजन की अन्य श्रेणी की कटऑफ 44.25 अंक रही। महिला अभ्यर्थियों की कटऑफ 42 अंक दर्ज की गई।

Exit mobile version