Site icon TIMES OF PEDIA

उत्तर पश्चिम रेलवे में सतर्कता जागरूकता सप्ताह, नुक्कड़ नाटक से दिया भ्रष्टाचार के खिलाफ संदेश

railway-vigilance-week-

railway-vigilance-week-

जयपुर, 27 अक्टूबर । उत्तर पश्चिम रेलवे में 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 मनाया जा रहा है। इस दौरान रेल अधिकारियों और कर्मचारियों को ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में 26 अक्टूबर को उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रधान कार्यालय में ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर संगोष्ठी हुई। इसमें केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई), जयपुर की डीआईजी एवं शाखा प्रमुख मनीषा चौधरी ने मुख्य वक्ता के रूप में विचार व्यक्त किए। उन्होंने कार्यप्रणाली में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उच्च नैतिक मानदंडों के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यालय परिसर में रेलवे सांस्कृतिक संगठन के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया। इसके माध्यम से रेल कर्मचारियों को भ्रष्टाचार के प्रति सतर्क रहने, अनियमितताओं को नजरअंदाज नहीं करने और भ्रष्टाचार की घटना सामने आने पर चुप्पी तोड़कर सतर्कता विभाग में शिकायत करने का संदेश दिया गया। नाटक में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और भ्रष्टाचार मुक्त कार्य संस्कृति के महत्व को भी रेखांकित किया गया।

उत्तर पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी शिवेंद्र मोहन ने कलाकारों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करने वाले कलाकारों के लिए 25 हजार रुपये के सामूहिक पुरस्कार की घोषणा की।

सतर्कता जागरूकता सप्ताह का उद्देश्य रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यों में उच्च नैतिक मानदंडों का पालन करने, भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता अपनाने तथा जनसेवा में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करना है। इस अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी शिवेंद्र मोहन, प्रमुख विभागाध्यक्षों सहित मुख्यालय के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version