नूंह, 05 नवंबर । वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी नूंह की ओर से गांव चाहलका में चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोकतंत्र की मजबूती, चुनावी पारदर्शिता और आमजन के मताधिकार की रक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने जिले के गांव-गांव में जनसंपर्क एवं जनजागरूकता अभियान चलाने की जानकारी दी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक राजबीर सिंह फर्टिया ने शिरकत की, जबकि अध्यक्षता पूर्व विधायक एवं जिला कांग्रेस कमेटी नूंह की जिलाध्यक्ष शहीदा खान ने की। वक्ताओं ने कहा कि अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता गांवों में चौपाल लगाकर और घर-घर पहुंचकर लोगों को उनके वोट की ताकत, चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा लोकतंत्र की रक्षा के प्रति जागरूक करेंगे।
इस दौरान एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) की प्रक्रिया के तहत मतदाता सूचियों से वोट काटे जाने से जुड़े मुद्दे भी उठाए गए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहना चाहिए और किसी भी व्यक्ति को उसके मताधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
पूर्व विधायक एवं जिलाध्यक्ष शहीदा खान ने कहा कि कांग्रेस का संकल्प है कि जिले के हर गांव तक पहुंचकर जनता की आवाज बुलंद की जाएगी। प्रत्येक घर तक जाकर लोगों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने वोट के अधिकार के प्रति सजग रहना जरूरी है। मताधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए कांग्रेस मजबूती से संघर्ष करेगी।
इस अवसर पर अख्तर हुसैन पूर्व प्रत्याशी, हाजी सुबराती खान, रामकरण ब्लॉक अध्यक्ष, रजाक ब्लॉक अध्यक्ष, शाकिर खान ब्लॉक अध्यक्ष, आरिफ लुहिंगा उपाध्यक्ष, खुर्शीद अहमद महासचिव, अंजुम पार्षद महासचिव, हसन मौ सरपंच, अख्तर हुसैन सुप्रीडेंट, निसार सरपंच, अशराक खान सचिव, इकरून अली सचिव, फतेह मौ, अब्बास जयसिंहपुर, नफीस छापड़ा, इलियास, नवाब, शम्सुद्दीन फौजी, करीम खान, जमशेद खान, खानू फौजी और शौकत खान सहित अनेक कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

