Site icon TIMES OF PEDIA

उज्बेकिस्तान के युवाओं ने हिंदी में किया प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत, मोदी ने जताई खुशी

pm-uzbek-youth-hindi-welcome

pm-uzbek-youth-hindi-welcome

नई दिल्ली, 29 अगस्त । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उज्बेकिस्तान यात्रा से पहले वहां के युवाओं के उत्साह और हिंदी में किए गए स्वागत की सराहना की है। प्रधानमंत्री ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर उज्बेक युवाओं का एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि उन्हें यह देखकर विशेष खुशी हुई कि युवाओं ने अपनी भावनाओं को इतनी खूबसूरती से हिंदी में व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उज्बेकिस्तान की यात्रा शुरू करने से पहले वहां के अपने युवा मित्रों का उत्साह देखकर वह बहुत खुश हैं। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रयास को और खास बनाने वाली बात यह है कि युवाओं ने यह संदेश हिंदी में दिया और बहुत अच्छी हिंदी में दिया।

वीडियो में ताशकंद के कई उज्बेक छात्रों ने बारी-बारी से प्रधानमंत्री मोदी का अपनी राजधानी में स्वागत किया और भारत की संस्कृति के प्रति अपने लगाव तथा दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे मैत्रीपूर्ण संबंधों का उल्लेख किया।

एक छात्र ने प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि ताशकंद उनके आगमन का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। एक अन्य छात्र ने कहा कि ताशकंद की धरती प्रधानमंत्री को बुला रही है और वह इस मुलाकात के लिए उत्सुक हैं।

एक छात्रा ने कहा कि वे हिंदी भाषा सीख रही हैं और भारत की संस्कृति से बेहद प्रभावित हैं। उसने प्रधानमंत्री का ताशकंद आने के लिए स्वागत करते हुए कहा कि वे उनका स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं। एक अन्य छात्र ने भारत और उज्बेकिस्तान की दोस्ती को विशेष बताते हुए प्रधानमंत्री के जल्द ताशकंद पहुंचने की उम्मीद जताई।

Exit mobile version