Site icon TIMES OF PEDIA

आईआईटी दिल्ली का दीक्षांत समारोह कल, प्रधानमंत्री मोदी अलंकृत करेंगे मेधावी विद्यार्थियों को

pm-modi-speech-iit-delhi

pm-modi-speech-iit-delhi

नई दिल्ली, 07 अगस्त । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को दिल्ली स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) के 57वें दीक्षांत समारोह के अवसर पर मेधावी छात्रों को सर्वोच्च सम्मान प्रदान करेंगे। इस दौरान वो सोनीपत परिसर में स्थापित एआई-संचालित उच्च-प्रदर्शन सुपरकंप्यूटिंग सुविधा परम प्रज्ञा का उद्घाटन भी करेंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी समारोह के दौरान डिग्री प्राप्त करने वाले 587 पीएचडी शोधार्थियों सहित तीन हजार से अधिक स्नातक छात्रों को संबोधित करेंगे। साथ ही, मेधावी छात्रों को संस्थान के सबसे प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान करेंगे। इनमें राष्ट्रपति का स्वर्ण पदक, निदेशक का स्वर्ण पदक, शंकर दयाल शर्मा स्वर्ण पदक और परफेक्ट टेन स्वर्ण पदक शामिल हैं।

प्रधानमंत्री आईआईटी दिल्ली के सोनीपत परिसर में स्थापित कृत्रिम बुद्धिमत्ता से संचालित उच्च-प्रदर्शन सुपरकंप्यूटिंग सुविधा ‘परम प्रज्ञा’ का उद्घाटन करेंगे। इस अत्याधुनिक सुविधा से संस्थान की कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डेटा विज्ञान, उन्नत कंप्यूटिंग और अंतःविषयक अनुसंधान क्षमताओं में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।

Exit mobile version