Site icon TIMES OF PEDIA

पुलिस मुख्यालय में पर्यावरण संरक्षण की शपथ: पुलिस अकादमी में आधे घंटे बंद रही बिजली

pledge-for-environmental-conservation-at-phq

pledge-for-environmental-conservation-at-phq

जयपुर, 02 नवंबर । ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के तहत राजस्थान पुलिस मुख्यालय और राजस्थान पुलिस अकादमी में सोमवार को दूसरे दिन ऊर्जा संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की गईं। एक से सात नवंबर तक चल रहे इस सप्ताह के तहत मिशन लाइफ (लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट) के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग का संदेश दिया जा रहा है।

पुलिस मुख्यालय के ग्राउंड फ्लोर स्थित पश्चिम चौक में पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) संजय अग्रवाल ने वरिष्ठ अधिकारियों और कार्मिकों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक मालिनी अग्रवाल, अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस वीके सिंह, रुपिंदर सिंह, बिपिन कुमार पाण्डेय, संजीब कुमार नार्जरी, एस. सेंगाथिर, भूपेंद्र साहू और हवा सिंह घुमरिया सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं मंत्रालयिक कार्मिक मौजूद रहे। सभी ने प्राकृतिक संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग, अपशिष्ट में कमी और दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल आदतें अपनाने का संकल्प लिया।

वहीं राजस्थान पुलिस अकादमी में दूसरे दिन को ऊर्जा संरक्षण दिवस के रूप में मनाया गया। इस दौरान अकादमी के सभी भवनों की बिजली आधे घंटे तक बंद रखी गई। कार्मिकों और प्रशिक्षुओं को घरों में अनावश्यक जल रही लाइटें और विद्युत उपकरण बंद रखने तथा बिजली का जिम्मेदारी से उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया। इस अवसर पर ऊर्जा संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। इस कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस मुख्यालय और अकादमी ने पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत तथा सतत जीवनशैली को दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

Exit mobile version