Site icon TIMES OF PEDIA

‘पिंक टिकट’ मुफ्त यात्रा 31 अगस्त तक बढ़ी, 1 सितंबर से ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ होगा अनिवार्य

pink-tickets-till-august-31

pink-tickets-till-august-31

नई दिल्ली, 16 अगस्त । दिल्ली सरकार ने अब तक पिक कार्ड नहीं बना सकने वाली महिला यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) बसों में मुफ्त यात्रा के लिए पेपर-बेस्ड पिंक टिकट की मौजूदा व्यवस्था को 31 अगस्त तक बढ़ा दिया है। अब 1 सितंबर, 2026 से बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा का लाभ उठाने के लिए ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ (एनसीएमसी) अनिवार्य हो जाएगा। पहले 15 अगस्त पिंक टिकट व्यवस्था की अंतिम तारीख थी।

दिल्ली सरकार ने यह फैसला त्योहारों के मौसम और रक्षाबंधन को ध्यान में रखते हुए लिया है, ताकि त्योहारों के दौरान ज़्यादा भीड़-भाड़ के समय महिला यात्री बिना किसी परेशानी के बसों में यात्रा कर सकें। अनिवार्य समय-सीमा को बढ़ाने से पात्र महिला यात्रियों को अपने ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ बनवाने के लिए अतिरिक्त समय भी मिलेगा।

परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने रविवार को एक विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि त्योहारों का मौसम, खासकर रक्षाबंधन एक ऐसा समय होता है, जब हमारी माताएं, बहनें और बेटियां अपने परिवारों से मिलने के लिए यात्रा करती हैं। उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए हमारी सरकार ने मौजूदा व्यवस्था को 31 अगस्त तक आगे बढ़ाने का फैसला किया है।

नई व्यवस्था के अनुसार पात्र महिला यात्री 31 अगस्त तक पेपर-आधारित ‘पिंक टिकट’ का इस्तेमाल करके बसों में मुफ़्त यात्रा कर सकती हैं। 1 सितंबर 2026 से मुफ्त यात्रा की सुविधा केवल वैध ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ के जरिए ही उपलब्ध होगी। राजधानी दिल्ली में अब तक 18 लाख 13 हजार 866 ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ जारी किए जा चुके हैं। ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट ने सभी डिपो मैनेजरों, रीजनल मैनेजरों, कंडक्टरों और एनफोर्समेंट स्टाफ को निर्देश दिया है कि वे बदली हुई डेडलाइन के बारे में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के लिए जानकारी दें और महिला यात्रियों को 31 अगस्त से पहले अपने-अपने स्मार्ट कार्ड बनवाने के लिए प्रोत्साहित भी करें। डिपो और डीटीसी बस के अंदर अनाउंसमेंट, सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया और दूसरे माध्यमों से जागरूकता अभियान चलाए जाएं।

परिवहन मंत्री ने सभी पात्र महिला यात्रियों से 31 अगस्त से पहले अपने ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ बनवाने की अपील की है, ताकि 1 सितंबर से बिना किसी रुकावट के बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा का लाभ उठाना जारी रखें।

Exit mobile version