Site icon TIMES OF PEDIA

सब्सक्रिप्शन के लिए 1 दिसंबर को खुलेगा एजे पैकेजिंग का आईपीओ, 8 दिसंबर को हो सकती है लिस्टिंग

new-ipo-aj-packaging

new-ipo-aj-packaging

नई दिल्ली, 24 नवंबर । मेटल टिन कैन का उत्पादन करने वाली कंपनी एजे पैकेजिंग लिमिटेड का 54 करोड़ रुपये का आईपीओ 1 दिसंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए लॉन्च किया जाएगा। कंपनी के इस आईपीओ में निवेशक 3 दिसंबर तक बोली लगा सकते हैं। इश्यू की क्लोजिंग के बाद 4 दिसंबर को शेयरों का अलॉटमेंट किया जाएगा, जबकि 7 दिसंबर को सफल निवेशकों के डीमैट अकाउंट में शेयर क्रेडिट कर दिए जाएंगे। इसी दिन जिन निवेशकों को शेयर का अलॉटमेंट नहीं हुआ होगा, उनके लिए रिफंड की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। कंपनी के शेयर 8 दिसंबर को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के एसएमई प्लेटफॉर्म (एनएसई एसएमई) पर लिस्ट हो सकते हैं।

इस आईपीओ में बोली लगाने के लिए 175 रुपये से लेकर 180 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 800 शेयर का है। इस आईपीओ में रिटेल इनवेस्टर्स को कम-से-कम दो लॉट यानी 1,600 शेयरों के लिए बोली लगाना होगा, जिसके लिए उन्हें 2,88,000 रुपये का निवेश करना होगा। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले कुल 30 लाख शेयर जारी हो रहे हैं। इनमें 49.50 करोड़ रुपये के 27.50 लाख नए शेयर (फ्रेश इश्यू) शामिल हैं, जबकि 4.50 करोड़ रुपये के 2.50 लाख शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के जरिए कंपनी की प्रमोटर रंजनी अग्रवाल द्वारा बेचे जा रहे हैं।

इस आईपीओ में नए शेयरों की बिक्री से जुटाई गई रकम में से 29.30 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कंपनी अपनी वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने के लिए करेगी, जबकि 7.00 करोड़ रुपये पुराने बकाया कर्ज को आंशिक या पूरी तरह चुकाने में खर्च किए जाएंगे। इसके बाद बची शेष राशि सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए उपयोग की जाएगी।

इस आईपीओ के कुल साइज में से मार्केट मेकर आरके स्टॉक होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड के लिए 1,50,400 शेयर यानी 5.01 प्रतिशत हिस्सा आरक्षित रखा गया है। शेष 28,49,600 शेयरों के नेट ऑफर में से क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए 49.35 प्रतिशत हिस्सा यानी 14,06,400 शेयर सुरक्षित रखे गए हैं। इसके अलावा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए 35.49 प्रतिशत हिस्सा यानी 10,11,200 शेयर और नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए 15.16 प्रतिशत हिस्सा यानी 4,32,000 शेयर रिजर्व किए गए हैं। इस पूरे इश्यू के लिए डी एंड ए फाइनेंशियल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड को बुक रनिंग लीड मैनेजर बनाया गया है, जबकि एमयूएफजी इनटाइम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया है।

एजे पैकेजिंग लिमिटेड की वित्तीय स्थिति की बात करें तो कंपनी द्वारा दाखिल किए गए रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (आरएचपी) में दी गई जानकारी के अनुसार कंपनी की वित्तीय स्थिति लगातार मजबूत हुई है। इसके शुद्ध लाभ में लगातार जोरदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को 3.78 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ (प्रॉफिट आफ्टर टैक्स) हुआ था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 5.12 करोड़ रुपये रहा। इसके अगले वित्त वर्ष 2025-26 में शुद्ध लाभ 55 प्रतिशत की छलांग के साथ 7.91 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यानी 30 जून 2026 तक कंपनी को 3.49 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हो चुका था।

इस दौरान कंपनी की राजस्व प्राप्ति में कुछ उतार-चढ़ाव देखने को मिला। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को 210.40 करोड़ रुपये का कुल राजस्व (टोटल इनकम) प्राप्त हुआ था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में घट कर 193.94 करोड़ रुपये रहा। हालांकि अगले वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी ने जोरदार वापसी की और इसका कुल राजस्व 15 प्रतिशत की बढ़त के साथ 223.69 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यानी 30 जून 2026 तक कंपनी को 79.24 करोड़ रुपये का कुल राजस्व प्राप्त हो चुका था।

इस अवधि में कंपनी के ऊपर लदे कर्ज के बोझ की बात करें तो मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही यानी 30 जून 2026 तक के कर्ज के आंकड़े आरएचपी में स्पष्ट नहीं हैं। हालांकि इसके पहले वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी पर कुल 70.13 करोड़ रुपये का कर्ज था। अगले वित्त वर्ष 2024-25 में यह मामूली घट कर 69.79 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। जबकि पिछले वित्त वर्ष 2025-26 के अंत तक कंपनी का कुल कर्ज बढ़ कर 75 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

कंपनी की कुल संपत्ति (टोटल एसेट्स) में भी इस दौरान लगातार बढ़ोतरी बनी रही। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी की कुल संपत्ति 138.04 करोड़ रुपये के स्तर पर थी, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 155.03 करोड़ रुपये हो गई और वित्त वर्ष 2025-26 में और बढ़त के साथ 182.14 करोड़ रुपये हो गई। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के अंत यानी 30 जून 2026 तक कंपनी की कुल संपत्ति 175.11 करोड़ रुपये दर्ज की गई।

रिजर्व और सरप्लस की बात करें तो कंपनी ने इस मोर्चे पर भी लगातार मजबूती हासिल की है। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी का रिजर्व और सरप्लस 21.86 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 29.57 करोड़ रुपये हो गया और अगले वित्त वर्ष 2025-26 के अंत में 36.71 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यानी 30 जून 2026 तक यह और बढ़ कर 40.19 करोड़ रुपये के स्तर पर दर्ज किया गया।

इस अवधि में कंपनी के नेटवर्थ में भी लगातार बड़ा इजाफा दर्ज किया गया। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी का नेटवर्थ 26.70 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 37.33 करोड़ रुपये हो गया और वित्त वर्ष 2025-26 में बढ़ कर 44.46 करोड़ रुपये हो गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के अंत यानी 30 जून 2026 तक कंपनी का नेटवर्थ और बढ़ कर 47.95 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

इसी तरह कंपनी का ईबीआईटीडीए (अर्निंग बिफोर इंट्रेस्ट, टैक्सेज, डिप्रेशिएशंस एंड एमॉर्टाइजेशन) वित्त वर्ष 2023-24 में 18.69 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 21.47 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इसके अगले वित्त वर्ष 2025-26 में यह और बढ़ कर 26.63 करोड़ रुपये हो गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के अंत यानी 30 जून 2026 तक कंपनी का ईबीआईटीडीए 8.66 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

वर्ष 1995 में स्थापित हैदराबाद मुख्यालय वाली ए जे पैकेजिंग लिमिटेड विभिन्न आकारों जैसे ओवल, आयताकार और गोल मेटल टिन कैन के निर्माण का काम करती है। कंपनी के उत्पादों का उपयोग ठोस, पाउडर और तरल पदार्थों की पैकेजिंग के लिए किया जाता है और यह बी2बी मॉडल के तहत काम करती है। कंपनी हैदराबाद (तेलंगाना), गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) और खंडाला (महाराष्ट्र) में स्थित अपनी मैन्युफैक्चरिंग इकाइयों के माध्यम से हल्दीराम फूड्स, मिसेज बेक्टर्स फूड स्पेशलिटीज, सीसीएल प्रोडक्ट्स और एशियन पेंट्स जैसी नामी एफएमसीजी व पेंट कंपनियों को अपने उत्पाद सप्लाई करती है।

Exit mobile version