Site icon TIMES OF PEDIA

भवाली में 12 तोला सोने की चोरी का 24 घंटे में खुलासा, पूरा सोना बरामद

new-claim-haldwani-puri

new-claim-haldwani-puri

नैनीताल, 30 अगस्त । नैनीताल जनपद के भवाली कोतवाली क्षेत्र में एक घर से चोरी हुए लगभग 12 तोला सोने के आभूषणों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बरामद कर उल्लेखनीय कार्य किया है। पुलिस ने इस मामले में मामले में ग्राम गैराड़ी लटवाल निवासी 20 वर्षीय जितेन्द्र सिंह लटवाल उर्फ जित्तू को गिरफ्तार किया है।

बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये बताई गई है। जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।

नैनीताल पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 अगस्त को ग्राम गैराड़ी लटवाल निवासी उमा लटवाल ने अपने घर से सोने के आभूषण चोरी होने की शिकायत भवाली कोतवाली में दी थी।

इस पर अज्ञात के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 के तहत अभियोग दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के आदेश पर पुलिस अधीक्षक अपराध डॉ. जगदीश चन्द्र और क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल के निर्देशन तथा वरिष्ठ उपनिरीक्षक आसिफ खान के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर गांव के ही निवासी जितेन्द्र सिंह लटवाल को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में उसने बताया कि उसका इरादा चोरी किए गए आभूषणों को बेचकर वाहन खरीदने का था। उसकी निशानदेही पर दो जोड़ी पौंची, एक जोड़ी कान के झुमके, नथ, गलोबंद, मांग-टीका और अंगूठी समेत लगभग 12 तोला सोने के आभूषण बरामद किए गए। अभियोग में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी कर आरोपित को जेल भेज दिया गया। कार्रवाई करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक आसिफ खान, उपनिरीक्षक अरुण राणा, आरक्षी आनंद राणा, हरीश सिंह, प्रकाश चंद्र, मनीष पुनेठा, नरेंद्र मेहता, मुख्य आरक्षी लाल बाबू, ओम प्रकाश और चालक आनंद कनवाल शामिल रहे।

Exit mobile version